Patna: मुंगेर पुलिस ने आतंक और अपराध के नेटवर्क पर बड़ी चोट की है. तारापुर थाना क्षेत्र के ग्राम मिल्की खानपुर निवासी मो० सद्दाम को पाकिस्तानी गैंगस्टर राणा हुसैन के संपर्क में रहने और बड़ी घटना की साजिश रचने के आरोप में देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया है. मिली जानकारी के अनुसार तारापुर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि मिल्की खानपुर निवासी मो० सद्दाम का संबंध बिहार एटीएस के कांड में वांछित एक सीमापार पाकिस्तानी गैंगस्टर से है और वह किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने वाला है. सूचना पर तारापुर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने सद्दाम के घर छापा मारा तो पुलिस को देखकर वह पीछे से भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया. तलाशी में उसके पास से एक देशी पिस्टल, एक खाली मैगजीन और एक मोबाइल बरामद हुआ.

पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा

कड़ाई से पूछताछ पर सद्दाम ने कबूल किया कि वह पाकिस्तानी गैंगस्टर राणा हुसैन के संपर्क में था. उसने बताया कि वह अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर किसी भीड़भाड़ वाले इलाके में पेट्रोल बम या हथियारों के माध्यम से बड़ी घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहा था. इस संबंध में तारापुर थाना (कांड संख्या-129/26) में मामला दर्ज किया गया है. मुंगेर पुलिस अब अन्य सुरक्षा एजेंसियों से समन्वय कर इस नेटवर्क के बाकी सक्रिय सदस्यों की पहचान कर लगातार छापामारी कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed