Patna: औरंगाबाद पुलिस ने 50 हजार रुपये ईनामी वांछित अपराधी रामाधार चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है. रामाधार चौधरी गया जिले के आमस थाना क्षेत्र के लम्बुआ का रहने वाला है. साथ ही डकैती का माल खरीदने वाले रोहतास के ज्वेलर राजू सेठ को भी पुलिस ने दबोचा है. राजू सेठ रोहतास जिले के अगरेर थाना क्षेत्र के कुडनू का रहने वाला है. दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. आरोपी के निशानदेही पर सोना का टिक्का, टप्स, नथिया, नाक का कील, चांदी का पायल, कटोरा, मछली, पान-पत्ता, करसैली और मोबाइल पुलिस ने बरामद किया है.

क्या है मामला

जानकारी के मुताबिक 11 जून की रात में बारुण थाना क्षेत्र के ग्राम-कोचाड़ स्थित वादिनी स्मृति कुमारी के घर में 08-09 अज्ञात अपराधियों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया था. डकैत सोने-चांदी के आभूषण और नगद राशि लूट कर फरार हो गए थे. वादिनी के लिखित आवेदन पर बारुण थाना (कांड संख्या-241/26) में मामला दर्ज हुआ. घटना की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद एसपी ने एसडीपीओ सदर-01 के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया. गठित एसआईटी सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन, तकनीकी विश्लेषण और आसूचना संकलन के आधार पर बारुण थाना क्षेत्र के चरण मोड़ के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा. सत्यापन पर उसकी पहचान औरंगाबाद जिला के 50 हजार ईनामी अपराधी रामाधार चौधरी के रूप में हुई. उसे गिरफ्तार किया गया.

लूट का माल बेचा गया था रोहतास में

पूछताछ में रामाधार चौधरी ने डकैती में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उसने बताया कि लूटे गए सोना-चांदी के आभूषण रोहतास जिला के नोखा थाना क्षेत्र के ग्राम-बराव स्थित दुर्गेश ज्वेलर्स के मालिक राजू सेठ के पास बेच दिए गए हैं. एसआईटी ने तुरंत रोहतास जिला के नोखा थाना क्षेत्र के ग्राम-बराव स्थित दुर्गेश ज्वेलर्स पर छापामारी की. वहां से डकैती के आभूषण बरामद कर दुकान के मालिक राजू सेठ को गिरफ्तार किया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *