Patna: मुजफ्फरपुर पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र स्थित मुजफ्फरपुर क्लब में 22 जून को रिसेप्शन समारोह के दौरान हुई आभूषण चोरी कांड का सफल उद्भेदन कर दिया है. सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी आसूचना के आधार पर सीतामढ़ी जिले के 3 शातिर चोरों को चोरी किए गए आभूषण व नकद रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपी में सीतामढ़ी जिले के बेलसंड थाना क्षेत्र के राजेश कुमार साह, अमित कुमार और रुनीसैदपुर थाना क्षेत्र के गोपाल साह का नाम शामिल है. आरोपी के निशानदेही पर 1,60,000 रुपये नगद, दो सोने की चेन, एक मंगलसूत्र, एक ढोलना, एक काला मोती व सोने की लड़की से जड़ा हार, हार, डायमंड का कर्नफुल, पिंडल हार, ब्रासलेट, अंगूठी, नाक का खोटिला, चांदी की मछली, सिंदुर रखने वाला किया, दीपक ज्वेलर्स, मेन रोड बेलसंड सीतामढ़ी लिखा बैग – जिसमें चांदी का सिक्का, लाल मोती का मंगलसूत्र, बिछिया, बाजूबंद, हनुमानी, मंगटीका, नथिया, सिकड़ी व अन्य बहुमूल्य सामान पुलिस ने बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपी ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में घटना में संलिप्तता स्वीकार की. उल्लेखनीय है कि इसी गिरोह ने अहियापुर थाना (कांड सं0-1093/26) क्षेत्र में भी आभूषण एवं नगद चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था. इस प्रकार इनकी गिरफ्तारी से दो मामले का सफल उद्भेदन हुआ है.
रिसेप्शन में बैग से चोरी
मिली जानकारी के अनुसार 22 जून की रात में नगर थाना क्षेत्र के मुजफ्फरपुर क्लब में हो रहे रिसेप्शन समारोह के दौरान अज्ञात आरोपी द्वारा बैग में रखे जेवरात एवं नगद रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था. इस संदर्भ में वादी प्रो0 कनुप्रिया के आवेदन पर नगर थाना (कांड सं0-354/26) में मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर एसएसपी के निर्देश एएसपी नगर-01 के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई. गठित टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज का निरंतर अवलोकन व मानवीय-तकनीकी आसूचना संकलन के आधार पर मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त 3 आरोपी को गिरफ्तार किया गया.
