Patna: सिवान एसपी ने सोशल मीडिया पर बिहार के मुख्यमंत्री पर आपत्तिजनक एवं भ्रामक टिप्पणी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है. सिवान पुलिस को सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो प्राप्त हुआ था, जिसमें मुख्यमंत्री पर आपत्तिजनक एवं भ्रामक टिप्पणी कर सामाजिक सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास किया गया था. उक्त वीडियो के सत्यापन के लिए कार्रवाई करते हुए नगर थाना में मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया. तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर आंदर थाना क्षेत्र के जयजोर निवासी रूपेश तिवारी उर्फ अजित मणि त्रिपाठी को गिरफ्तार किया गया.
कैंडल मार्च का वीडियो था वायरल
अनुसंधान में पाया गया कि आरा (भोजपुर) जिला के शाहपुर थाना के बेलोटी गाँव में पुलिस मुठभेड़ में मारे गये भरत भूषण तिवारी के विरुद्ध जन चेतना मंच सिवान द्वारा 22 जून को संध्या-05:30 बजे सिवान शहर के डीवी मोड़ से कैंडल मार्च निकाला गया था, जो जेपी चौक के पास समाप्त हुआ था. उसी मार्च में शामिल आरोपी ने मुख्यमंत्री अभद्र टिप्पणी किया था. गिरफ्तार आऱोपी का आपराधिक इतिहास रहा है. विभिन्न थाना में पांच मामला दर्ज है.
