Ranchi: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज मुंगेर जिला के टेटिया बम्बर प्रखंड के टेटिया ग्राम पंचायत में ‘पंचायत विकास दिवस’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया. अब राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को ‘पंचायत विकास दिवस’ आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी सुना. कार्यक्रम में गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, सांसद अरुण कुमार भारती, पंचायती राज सचिव मनोज कुमार, विधायक कुमार प्रणय, नचिकेता मंडल, विधान पार्षद लाल मोहन गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, सचिव लोकेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.

साल में 12 बार विकास पर मंथन

मुख्यमंत्री  ने कहा कि इससे वर्ष में 12 अवसर ऐसे मिलेंगे जब पंचायत प्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं ग्रामीण एक साथ बैठकर पंचायत विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे और स्थानीय समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस निर्णय लेंगे. सहयोग शिविर की तर्ज पर यह दूसरा शिविर है जो पंचायतों के विकास की चिंता करेगा. सहयोग शिविर में साढ़े तीन लाख से अधिक आवेदनों का 30 दिन में निष्पादन किया गया है.

‘महिला हितैषी पंचायत’ पहली थीम

पंचायत विकास दिवस के पहले आयोजन की थीम ‘महिला हितैषी पंचायत’ रखी गई। CM ने कहा कि जीविका दीदियों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है. उद्देश्य पंचायतों को गरीबी मुक्त, स्वच्छ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाना है. स्वास्थ्य, शिक्षा, जल प्रबंधन, सिंचाई, पेयजल, स्वच्छता, हरित विकास, सामाजिक न्याय एवं सामाजिक सुरक्षा जैसे विषयों पर कार्य योजना बनेगी.

शिक्षा पर बड़ा ऐलान

मुख्यमंत्री  ने कहा कि सभी प्रखंडों में मॉडल स्कूल तथा 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज स्थापित किए जाएंगे. “हमारा सपना तब पूरा होगा, जब प्राइवेट स्कूल के बच्चे इस मॉडल स्कूल में पढ़ाई करेंगे.” कल पटना के मिलर हाई स्कूल और आज पटना कॉलेजियट व साइंस कॉलेज का निरीक्षण करूंगा. डिग्री कॉलेज खुलने से बच्चे गांव में ही पढ़ाई कर सकेंगे.

15 अगस्त से रेफरल बंद करने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री  ने कहा कि 15 अगस्त से ऐसी व्यवस्था लागू करने का लक्ष्य है जिससे अनुमंडल एवं जिला अस्पतालों में ही मरीजों का बेहतर इलाज हो और अनावश्यक रेफरल न हो. 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है. भविष्य में सोलर ऊर्जा आधारित व्यवस्था विकसित की जाएगी.

पीएम-नीतीश के सपने का जिक्र

मुख्यमंत्री  ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में साढ़े चार करोड़ लोगों को पक्का मकान मिला है. पूर्व सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में 20 वर्षों में 1 करोड़ लोगों को पक्का मकान दिया गया. मनरेगा की जगह ‘विकसित भारत जी राम जी’ की शुरुआत हुई है. केंद्र से अगले 4-5 वर्षों में 50 से 70 हजार करोड़ रुपये बिहार को मिलेगा. विकसित भारत और समृद्ध बिहार के लिए आत्मनिर्भर पंचायत और गांव जरूरी है. अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *