Ranchi: रांची जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 2026 का आयोजन 28 जून से 30 जून 2026 तक किया जाएगा. अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के कुल 5,05,524 बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. शनिवार को सिविल सर्जन कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि जिले भर में 3,893 टीकाकरण बूथ बनाए गए हैं. अभियान के सफल संचालन के लिए 7,786 बूथ टीम सदस्य एवं 571 पर्यवेक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है.
‘हर बच्चा, हर बार’ का संकल्प
सिविल सर्जन ने सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाकर पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक दवा पिलाएं. उन्होंने कहा कि “हर बच्चा, हर बार” की भावना के साथ सभी बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. किसी भी बच्चे को इस अभियान से वंचित नहीं रहने देना है.
प्रचार रथ रवाना
प्रेस कॉन्फ्रेंस के उपरांत सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने हरी झंडी दिखाकर पल्स पोलियो प्रचार रथ को रवाना किया. यह प्रचार रथ रांची के सभी शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के प्रति जागरूक करेगा तथा अधिक से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने के लिए प्रेरित करेगा. इस अवसर पर डीआरसीएचओ डॉ. असीम कुमार मांझी, जिला कार्यक्रम समन्वयक प्रीति चौधरी, क्षेत्रीय समन्वयक श्वेता वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे.
