Ranchi: रांची एसएसपी को मिली गुप्त सूचना पर पुलिस ने ब्राउन शुगर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. एसएसपी के निर्देश पर गठित संयुक्त एसआईटी ने हिंदपीढ़ी, सुखदेवनगर और कोतवाली थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 5 तस्करों को गिरफ्तार किया. कुल 27.89 ग्राम ब्राउन शुगर, 8020 रुपये नकद, एक बाईक, एक सीएनजी ऑटो और मोबाइल जब्त किए गए. गिरफ्तार आरोपी में हिन्दपीढ़ी थाना क्षेत्र के मो० एहतेशाम, मो० शहादत, गोदा थाना क्षेत्र के जितेन्द्र कुमार सिंह, सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के राहुल कुमार यादव औऱ नामकुम थाना क्षेत्र के राजकुमार पुराण का नाम शामिल है. पकड़े गये आरोपी का अपराधिक इतिहास रहा है. राजकुमार पुराण के विरुद्ध नामकुम थाना में चोरी के 2 मामला दर्ज है. मो० शहादत के विरुद्ध हिंदपीढ़ी में हत्या का प्रयास और सुखदेवनगर में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है. जबकि मो० एहतेशाम के विरुद्ध हिंदपीढ़ी में हत्या का प्रयास समेत कई धाराओं में मामला दर्ज है.
सिटी एसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि रांची एसएसपी को हिंदपीढ़ी, सुखदेवनगर और कोतवाली में ब्राउन शुगर बिक्री की गुप्त सूचना मिली. एसएसपी ने कोतवाली एएसपी के नेतृत्व में संयुक्त एसआईटी का गठन किया. हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में एसआईटी ने छोटा तालाब के पास एक अर्द्धनिर्मित मकान से मो० एहतेशाम और मो० शहादत को ब्राउन शुगर बेचते रंगे हाथ पकड़ा. दोनों के पास से 13 पुड़िया ब्राउन शुगर, और 8020 रुपये बरामद हुए. इस संबंध में हिंदपीढ़ी थाना (कांड सं0-56/26) में मामला दर्ज किया गया है. वही सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के मुड़ला पहाड़ के पास से जितेन्द्र कुमार सिंह और राहुल कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया. इनके पास से 18.6 ग्राम ब्राउन शुगर, एक बाईक और आटो बरामद किया गया है. आरोपी के विरुद्ध सुखदेवनगर थाना (कांड सं0-215/26) में मामला दर्ज किया गया है. कोतवाली थाना क्षेत्र में जेपीएससी कार्यालय के बगल से हिस्ट्रीशीटर राजकुमार पुराण को 8.00 ग्राम ब्राउन शुगर और मोबाइल के साथ पकड़ा गया. इस संबंध में कोतवाली थाना (कांड सं0-143/26) में मामला दर्ज किया गया है.
