Patna: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो बिहार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में दो अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. समस्तीपुर के दलसिंहसराय में मुखिया सियाराम राय को 1.20 लाख और गया के बेलागंज में चौकीदार मनीष कुमार को 9 हजार घूस लेते धावादल ने दबोचा है.
निलंबन से मुक्त करने के नाम पर 1.20 लाख की मांग
निगरानी थाना (कांड सं0-071/26) के प्राथमिकी अभियुक्त राज चकबहाउद्दीन पंचायत के मुखिया सियाराम राय को गुदरीपुल स्थित परिवादी अब्दुल मन्नान की श्रृंगार दुकान से 1,20,000 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया. परिवादी अब्दुल मन्नान ने ब्यूरो में शिकायत की थी कि मुखिया सियाराम राय निलंबन से मुक्त करने के एवज में रिश्वत मांग रहे हैं. सत्यापन में आरोप सही पाए गए. अनुसंधानकर्ता के नेतृत्व में धावादल ने कार्रवाई की.
केस से नाम हटाने के बदले 9 हजार की रिश्वत
निगरानी थाना (कांड सं0-070/26) के आरोपी चौकीदार मनीष कुमार को गया जिले के बेलागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर से 9,000 रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया गया. परिवादी रविन्द्र यादव ने शिकायत की थी कि चौकीदार मनीष कुमार बेलागंज थाना (कांड सं0-689/23) में दर्ज मामले में उनके बच्चों का नाम केस से हटाने के एवज में रिश्वत मांग रहा है. दोनों परिवारों ने एक-दूसरे पर काउंटर केस दर्ज कराया था. अनुसंधानकर्ता के नेतृत्व में धावादल ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चौकीदार को गिरफ्तार कर लिया.
