Patna: फर्जी नंबर प्लेट लगाकर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले शातिर अपराधी को मोतिहारी के नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी पप्पु सिंह उर्फ रितेश कुमार सिंह घोड़ासहन थाना क्षेत्र के दिघा का रहने वाला है. मौके पर से ई-को स्पोर्ट कार और मोबाईल पुलिस ने बरामद किया है.

मिली जानकारी के अनुसार वाहन चेकिंग अभियान के दौरान धर्मसमाज चौक पर एक सफेद रंग की ई-को स्पोर्ट कार (BR06CN-2244) को जाँच के लिए रोका गया. उक्त वाहन का चेचिस (नं० MAJAXXMRKAJL59480) एवं इंजन (नं० JL59480) मॉडल वर्ष 2018 पाया गया. वाहन चालक पप्पू सिंह उर्फ रितेश कुमार सिंह को वाहन सहित पकड़ा गया. पूछताछ एवं जाँच के क्रम में यह तथ्य प्रकाश में आया कि उक्त व्यक्ति फर्जी नंबर प्लेट लगाकर लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करता था. वाहन (BR06CN-2244) को HHD मशीन से जाँच करने पर वाहन स्वामी का नाम, चेचिस नं० एवं इंजन नं० अलग पाए गए. वाहन स्वामी शंकर प्रसाद सिंह सहरसा जिले के बंनगांव थाना क्षेत्र के रहुआमनि का रहने वाला है. साथ ही वाहन का वास्तविक चेचिस नं० एवं इंजन नं० भी अलग पाया गया. तत्पश्चात मूल वाहन स्वामी को वाहन सहित थाना बुलाकर दोनों वाहनों की आमने-सामने जाँच की गई, जिसमें स्पष्ट हुआ कि पप्पू सिंह उर्फ रितेश कुमार सिंह द्वारा फर्जी नंबर प्लेट लगाकर अपराध को अंजाम दिया जा रहा था. इस संबंध में नगर थाना (काण्ड संख्या-461/26) में मामला दर्ज किया गया है. पप्पु सिंह का अपराधिक इतिहास रहा है. आरोपी के विरुद्ध मुफ्फसिल और सोनपुर रेल थाना में मामला दर्ज है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed