Ranchi: पुलिसकर्मियों के बेहतर स्वास्थ्य और कल्याण के उद्देश्य से सोमवार को लोहरदगा बक्सीडिपा स्थित पुलिस लाइन में एक दिवसीय निःशुल्क विशाल चिकित्सा शिविर (मेडिकल कैंप) का सफल आयोजन एसपी सादिक अनवर रिज़वी के निर्देशानुसार आयोजित किया गया. इस शिविर में रांची पारस एचईसी हॉस्पिटल के सुप्रसिद्ध चिकित्सक और उनकी टीम द्वारा पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के स्वास्थ्य की जांच की गई. पारस हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रमार शिव कृष्ण ने कैंप में आए पुलिस पदाधिकारियों व पुलिसकर्मियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुना और उचित चिकित्सीय परामर्श दिया. स्वास्थ्य जांच और प्राथमिक उपचार में नर्सिंग स्टाफ के नन्दन एवं निलम ने सक्रिय भूमिका निभाई. इस स्वास्थ्य शिविर में पारस हॉस्पिटल की ओर से सेल्स एवं मार्केटिंग टीम से तुषार संकर तथा जी.डी. स्टाफ दीपक कुमार ने पूरे कैंप के सुचारू संचालन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया.
200 से अधिक पुलिसकर्मी हुए लाभान्वित
इस चिकित्सा शिविर के दौरान जिले के विभिन्न थानों व कार्यालयों से आए पुलिस पदाधिकारियों के साथ-साथ लगभग 200 पुलिसकर्मियों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया और मुफ्त परामर्श व दवाइयां प्राप्त कीं. चिकित्सा शिविर में एसपी सादिक अनवर रिज़वी ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात तनावपूर्ण माहौल और कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी करते हैं, जिसके कारण अक्सर वे अपने स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं दे पाते. हमारे जवानों का स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है. भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता रहेगा ताकि बल के सभी सदस्य शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रह सकें. इस अवसर पर जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी, मेजर शेरू कुमार रंजन, लोहरदगा सदर थाना प्रभारी पु॰नि॰ रत्नेश मोहन ठाकुर और भारी संख्या में पुलिस बल के जवान उपस्थित थे. सभी ने इस स्वास्थ्य शिविर की सराहना की और पारस हॉस्पिटल की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया.
