Patna: हीट वेव की तैयारी को लेकर सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सभी हॉस्पिटल मैनेजर एवं स्वास्थ्य विभाग के तमाम पदाधिकारी के साथ गया जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने बैठक करते हुए हीट वेब के मरीजों के उपचार से संबंधित सभी व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिए हैं. जिला पदाधिकारी में सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दिए हैं कि अपने अस्पताल में मरीजों के लिए पीने के पानी की पूरी उपलब्धता रखें उन्होंने कहा कि हर फ्लोर पर हर वार्ड में ठंडा शुद्ध पानी की व्यवस्था रखें. इसके अलावा सभी अस्पतालों में ओआरएस एवं हीट वेब की सभी दवाएं की उपलब्धता रखें.

जिला पदाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष हीट वेव की पूरी संभावना है मानसून भी देर से आने की संभावना है. सभी अस्पतालों में चिकित्सकों का रोस्टर रखा जाए साथ ही इसकी जांच निरंतर सिविल सर्जन के माध्यम से टीम बनाकर करवाया जाए. सभी अस्पतालों में बने हीट वेव वार्ड में एयर कंडीशन पूरी तरह कार्यरत रहे इसे सुनिश्चित करवाये.

हर अस्पताल में के मरीजों के लिए पर्याप्त संख्या में बेड, दवा, ओआरएस, पानी, आइस पैक इत्यादि की पूरी व्यवस्था रखें. जिला पदाधिकारी ने कहा कि अस्पताल में आने वाले हीट वेब के मरीजों को बिना प्राथमिक उपचार के किसी भी हाल में रेफर नहीं किया जाए. प्राथमिक उपचार हर हाल में करवाते हुए यदि ऐसा प्रतीत हो कि इन्हें रेफरल की आवश्यकता है, उसके बाद ही रेफर करें. जिला पदाधिकारी ने सिविल सर्जन को निर्देश दिए हैं कि सभी रेफरल वाले केस में सिविल सर्जन के स्तर से टीम गठित कर जांच भी कराई जाएगी कि किस स्थिति में रेफर किया गया.

जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिले के सभी पंचायत में एंबुलेंस के तर्ज पर एक-एक वाहन टैग है ताकि किसी भी गांव या पंचायत में हीट वेव के मरीज आते हैं तो वह सीधे उस वाहन से अपने नजदीकी सरकारी अस्पताल में मरीज को ले जाएंगे. जिला पदाधिकारी ने कहा कि संबंधित पंचायत के नामित गाड़ी ड्राइवर का नाम और मोबाइल नंबर अपने सभी आशा एवं मुखिया जी के साथ साझा करें ताकि हीट वेव के यदि मामला आने पर कहीं कोई देरी या विलंब नहीं हो सके. मरीज को तुरंत ही अस्पताल पहुंचाया जा सके.

जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी सरकारी अस्पतालों में आइस पैक की भी पूरी व्यवस्था रखें. एंबुलेंस में भी आइस पैक की व्यवस्था रखें. सभी सब सेंटर अस्पतालों पर भी ठंडा पानी, ओआरएस, आइस पैक की पूरी व्यवस्था रखें. उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिए हैं कि सभी एंबुलेंस का भौतिक जांच जरूर करवाये. सभी एंबुलेंस में एयर कंडीशन काम करें, इसकी अनिवार्य रूप से जांच करवाये. हीट वेब के मामले में किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही नहीं हो, इसे सुनिश्चित करवाये.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed