Patna: सीनियर सिटिजन्स के अधिकारों को मजबूत करने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से बिहार स्टेट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी (बीएसएलएसए) की उच्चस्तरीय टीम ने पटना के गुलजारबाग स्थित सहारा ओल्ड एज होम का निरीक्षण किया. 4 अप्रैल के निरिक्षण टीम में बीएसएलएसए के मेंबर सेक्रेटरी, जॉइंट सेक्रेटरी, रजिस्ट्रार और असिस्टेंट रजिस्ट्रार शामिल थे. निरीक्षण के दौरान टीम ने वृद्धाश्रम में रह रहे लगभग 100 सीनियर सिटिजन्स से सीधा संवाद किया गया, जिनमें 39 पुरुष और 61 महिलाएं शामिल हैं. टीम ने यहां रहने वाले बुजुर्गों से उनके रखरखाव, स्वास्थ्य स्थिति और अन्य समस्याओं के बारे में विस्तार से चर्चा की.

बीएसएलएसए की टीम ने वृद्धाश्रम प्रबंधन को निर्देश देते हुए कहा कि यहां रहने वाले सभी सीनियर सिटिजन्स को 15 दिनों के अंदर आधार कार्ड से जोड़ दिया जाए. इसके लिए एक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही हर व्यक्ति तक वृद्धा पेंशन, आयुष्मान भारत योजना और पीडीएस राशन का लाभ पहुंचाने के लिए ठोस एक्शन प्लान तैयार करने को भी कहा गया है. टीम ने पोषण और स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर देते हुए डाइट मानक में सुधार, नियमित चिकित्सक दौरे बढ़ाने और मेडिकल सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए.

इसके अलावा, वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए नियमित लीगल एड शिविर आयोजित करने और स्थायी वकील की नियुक्ति करने पर भी बल दिया गया. बीएसएलएसए की टीम ने वृद्धाश्रम प्रबंधन को सीनियर सिटिजन्स की सुरक्षा, स्वास्थ्य, सम्मान और समग्र कल्याण सुनिश्चित करने के लिए एक स्पष्ट रोडमैप बनाने का निर्देश दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed