Patna: राजधानी पटना के मरीन ड्राइव पर कुख्यात अपराधी को एनकाउंटर में पैर में गोली लगी है. रविवार को हुए एनकाउंटर में घायल अपराधी को इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच अस्पताल में पुलिस सुरक्षा में भर्ती कराया गया. मिली जानकारी के अऩुसार वैशाली जिले के रहने वाले एनकाउंटर में जख्मी अपराधी अमित कुमार अपने साथियों के साथ पहुंचा था. इस बात की भनक पुलिस को लग गई. पुलिस मरीन ड्राइव पर पहुंचकर अपराधी की घेराबंदी करने लगी. इसी क्रम में अपराधियों ने फायरिंग शुरु कर दिया. पुलिस के जवाबी कार्रवाई में अमित कुमार के पैर में लगी. मौके से एक पिस्टल बरामद किया गया है. अमित कुमार लगभग 1 वर्ष पूर्व 27 जनवरी को पटना के सिविल कोर्ट में पेशी के दौरान सुबोध सिंह गिरोह के एक अपराधी की हत्या करने पटना पहुंचा था. सूचना पर अपराधी को गिरफ्तार किया था. हालांकि अमित कुमार भागने में सफल हो गया. गिरफ्तार अपराधी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वैशाली का अमित कुमार के साथ कोर्ट में एक बड़ी घटना को अंजाम देने पहुंचा था. पुलिस अमित की तलाश कर रही थी, लेकिन वो फरार हो जा रहा था.
पटना मध्य के सिटी एसपी ममता कल्याणी ने बताया कि रविवार को पीरबहोर थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव पर एक कुख्यात अपराधी अमित कुमार द्वारा किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में होने की सूचना प्राप्त हुई. सूचना पर सघन छापेमारी की गई. कार्रवाई के दौरान अपराधी अमित कुमार द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग की गई. पुलिस द्वारा पूर्ण सतर्कता बरतते हुए आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें एक गोली अपराधी के पैर में लगी. आरोपी अमित कुमार को सुरक्षित हिरासत में लेकर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां वह वर्तमान में इलाजरत है. बता दे कि अमित कुमार पूर्व में पीरबहोर सिविल कोर्ट परिसर में हथियार के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से प्रवेश किया था. उस मामले में उसके एक सहयोगी को हथियार सहित पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अमित कुमार मामले में वांछित था. अमित कुमार का गंभीर श्रेणी के मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है.
