Ranchi: रांची उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले झंडोत्तोलन कार्यक्रम के पश्चात झारखण्ड सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं तथा झारखण्ड की उत्कृष्ट कला, संस्कृति, परम्परा एवं धरोहर को प्रदर्शित करने वाली झांकी प्रदर्शनी की तैयारियों के संबंध में सभी संबंधित नोडल पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था,जिला नज़ारत उप समाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, सिविल सर्जन सदर, जिला जन संपर्क पदाधिकारी समेत अन्य पदाधिकारी शामिल थे. बैठक के दौरान मंजूनाथ भजन्त्री ने उपस्थित सभी नोडल पदाधिकारियों को झांकी प्रदर्शनी की सफलता एवं उत्कृष्टता सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए.
उपायुक्त ने बैठक में उपस्थित सभी नोडल पदाधिकारियों को अनिवार्य रूप से समय पर अपने-अपने विभागों से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि झांकी प्रदर्शनी गणतंत्र दिवस समारोह का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण होती है, अतः सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं रचनात्मकता के साथ निर्वहन करें.
गणतंत्र दिवस समारोह 2026 जो रांची के मोरहबादी में इस बार कुल-12 विभागों की झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा. इनमें वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, सूचना एवं जन संपर्क विभाग, पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, परिवहन विभाग, महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग, उच्च तकनिकी शिक्षा विभाग
गणतंत्र समाहरोह की तैयारी का लिया गया जायजा
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के साथ संयुक्त रूप से मोरहाबादी में 26 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाली गणतंत्र समाहरोह की तैयारी का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा बनाये जा रहे झांकी का अवलोकन किया और संबंधित पदाधिकारियों को कई अहम दिशा निर्देश दिए. उपायुक्त ने कहा कि गणतंत्र दिवस का आयोजन एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व है, और इसे सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जानी चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सुनिश्चित करें कि सभी व्यवस्थाएं, जैसे कि सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, और अन्य सुविधाएं, समय पर पूरी की जाएं.
श्री भजन्त्री ने कहा कि गणतंत्र दिवस के आयोजन में सभी नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे स्थानीय लोगों को इस आयोजन में शामिल करने के लिए प्रोत्साहित करें और उन्हें आवश्यक सुविधाएं प्रदान करें.
