Patna: प्रोहिबिशन एवं नारकोटिक्स पदार्थ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन पटना में किया गया. सोमवार को मद्यनिषेध एवं स्वापक नियंत्रण ब्यूरो तथा उत्पाद विभाग द्वारा संयुक्त रूप से “प्रोहिबिशन एवं नारकोटिक्स पदार्थ” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस अवसर पर बिहार के डीजीपी विनय कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. कार्यक्रम में क्रमशः सचिव, मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग अजय यादव, एडीजी (मुख्यालय) कुंदन कृष्णन, एडीजी मद्यनिषेध एवं स्वापक नियंत्रण ब्यूरो अमित कुमार जैन, आयुक्त, मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग अंशुल अग्रवाल, डीआईजी मद्यनिषेध एवं स्वापक नियंत्रण ब्यूरो राशिद ज़मान तथा एसपी मद्यनिषेध एवं स्वापक नियंत्रण ब्यूरो आदित्य कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण की गरिमामयी उपस्थिति रही.
इस कार्यशाला में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB), विशेष कार्य बल (STF), मद्यनिषेध एवं स्वापक नियंत्रण ब्यूरो तथा उत्पाद विभाग के अधिकारियों द्वारा NDPS अधिनियम, 1985 के अंतर्गत जांच प्रक्रिया एवं दस्तावेजीकरण, तलाशी, जब्ती एवं गिरफ्तारी, मादक एवं मनःप्रभावी पदार्थों के सैंपलिंग, प्रमाणीकरण एवं निस्तारण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जिला स्तर से आए पुलिस पदाधिकारियों एवं उत्पाद अधिकारियों को विस्तृत जानकारी एवं व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया गया. यह कार्यशाला नशा मुक्त बिहार के संकल्प को धरातल पर साकार करने की दिशा में एक सशक्त, सार्थक एवं प्रभावी पहल सिद्ध हुई.
