Ranchi: गढ़वा पुलिस ने बड़गड़ थाना क्षेत्र में शिक्षक दीपक कुजूर की हत्या का उद्भेदन करते हुए हथियार गोली के साथ आरोपी क गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इस मामले में पत्नी के पूर्व प्रेमी समेत 2 शूटरों को गिरफ्तार किया है. इससे पहले परवेज आलम नामक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. गिरफ्तार आरोपी में पलामू के डाल्टनगंज शहर थाना क्षेत्र के नवाटोली के रहने वाले प्रेमी मतिन अख्तर उर्फ मुन्ना खान और चैनपुर थाना क्षेत्र के कुमनी निवासी मफूज अंसारी का नाम शामिल है. आरोपी के निशानदेही पर दो देशी पिस्टल, 18 गोली, स्कॉर्पियो, बाईक और दो मोबाईल पुलिस ने बरामद किया है.

प्रेम-प्रसंग बना हत्या की वजह

अनुसंधान में खुलासा हुआ कि मृतक दीपक की पत्नी पहले डाल्टनगंज में काम करती थी. वहां मतिन अख्तर उर्फ मुन्ना खान से उसका प्रेम-प्रसंग हो गया था. दिसंबर 2025 में शादी के बाद महिला बेटी के साथ पति दीपक के पास सिमडेगा आकर रहने लगी. मतिन चाहता था कि महिला बेटी के साथ डाल्टनगंज आकर उसके साथ रहे. मना करने पर उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर दीपक को रास्ते से हटाने की साजिश रची और हत्या करवा दी.

सालो जंगल के पास हुई थी हत्या

मामले की जानकारी देते हुए गढ़वा एसपी ने बताया कि 19 जुलाई 2026 की सुबह करीब 10:15 बजे सूचना मिली कि सालो जंगल, ललमटिया के पास अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर और धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां गोली और खोखा बरामद हुआ. गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को भंडरिया सीएचसी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान सिमडेगा जिले के रहने वाले दीपक कुजूर के रूप में हुई. दीपक पेशे से शिक्षक थे. इस संबंध में बड़गड़ थाना (कांड संख्या-24/26) में मामला दर्ज किया गया. रंका एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी टीम गठित की गई. एसआईटी की छापेमारी में अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पहले परवेज आलम को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. इसके बाद मास्टरमाइंड मतिन अख्तर उर्फ मुन्ना खान और मफूज अंसारी को पकड़ा गया है. अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed