Ranchi: लालपुर से जन्मदिन की पार्टी मनाकर रात करीब 01:10 बजे घर लौट रहे युवक (हर्ष कुमार) के अपहरण की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. कार्तिक उरांव चौक के पास i20 कार खराब होने का फायदा उठाकर महिंद्रा XUV 500 सवार 3-4 अपराधियों ने युवक को जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया और फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की विभिन्न टीमों ने कार्रवाई करते हुए नगड़ी थाना क्षेत्र के सुनसान जंगल में छापेमारी की. पुलिस ने पीड़ित युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया और वारदात में शामिल 4 अपराधियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों कोतवाली थाना क्षेत्र के कचहरी चौक के रहने वाले भोला नायक, लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के टाकू के रहने वाले असगर खान, लोहरदगा थाना क्षेत्र के कृषि मार्केट के पास रहने वाले विनय कुमार साहू और सेन्हा थाना क्षेत्र के आकाश कुमार साहू का नाम शामिल है. आरोपी के पास से महिंद्रा XUV 500 (JH01BZ6636), पांच मोबाईल, 6,500 रुपये नगद औऱ झारखंड सरकार का स्टाम्प पैड (जिस पर पीड़ित हर्ष कुमार के हस्ताक्षर कराए गए थे) शामिल है. इस संबंध में अरगोड़ा थाना (कांड सं०- 246/26) में मामला दर्ज किया गया है. आकाश कुमार साहू पूर्व में भी रंगदारी के मामले में जेल जा चुका है.
बुजुर्ग से लूटपाट करने वाला शातिर ऑटो चालक समेत दो गिरफ्तापर
बिहार के गयाजी से लौट रहे 61 वर्षीय बुजुर्ग (मो० अनजार अहमद) को ऑटो में बैठाकर चाकू का भय दिखाकर लूटपाट करने वाले दो शातिर अपराधियों को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार अपराधियों में लालपुर थाना क्षेत्र के लोअर बर्दमान कंपाउंड के रहने वाले मोनी सिंह उर्फ पाजी उर्फ मनवीर सिंह और गोंदा थाना क्षेत्र के गांधीनगर के रहने वाले चिकू कुमार यादव का नाम शामिल है. आरोपी के पास से ऑटो (JH01DU9814), तीन मोबाईल, लैपटॉप बैग, कपड़ा औऱ 6,000 रुपया नगद पुलिस ने बरामद किया है.
मिली जानकारी के अनुसार 10 सितंबर की रात करीब 9:00 जब पीड़ित बूटी मोड़ से अरगोड़ा जाने के लिए ऑटो पर सवार हुए थे. हरमू बिजली ऑफिस के पास पहुंचते ही ऑटो चालक ने मुख्य मार्ग छोड़कर वाहन को सुनसान जगह पर मोड़ दिया. वहां ऑटो चालक और उसमें पहले से बैठे उसके साथी ने चाकू दिखाकर बुजुर्ग के साथ मारपीट की और 22,000 नकद, मोबाइल और जरूरी दस्तावेज छीनकर फरार हो गए. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए ऑटो चालक मोनी सिंह और उसके साथी चिकू कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. आरोपी लालपुर, बरियातू, सुखदेवनगर, गोंदा और कांके थाना क्षेत्रों में चोरी, रंगदारी और एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) जैसे संगीन मामलों में जेल जा चुके हैं.
