Patna: खगड़िया जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महेशखूँट थाना पुलिस ने एक युवक को देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक की पहचान गोविंदपुर निवासी लालो यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा, पुरानी साइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है.

एसपी के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों के निर्माण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में महेशखूँट थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति साइकिल से झोले में हथियार लेकर छोटी झिकटिया गांव की ओर जा रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने छापेमारी टीम गठित की. टीम छोटी झिकटिया गांव में मो. सहजाद की किराना दुकान के पास पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति पर नजर रखने लगी. इसी दौरान हरबाड़ी चौक की ओर से साइकिल से आ रहा एक व्यक्ति पुलिस बल को देखकर घबरा गया और भागने का प्रयास करने लगा. पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसने अपना नाम लालो यादव, पिता ब्रह्मदेव यादव, निवासी गोविंदपुर, थाना महेशखूँट बताया. तलाशी ली तो साइकिल के हैंडल में लटके प्लास्टिक के झोले से लोहे का बना एक देशी कट्टा बरामद हुआ. वहीं, युवक की शर्ट की जेब से आईटेल कंपनी का मोबाइल फोन मिला. पुलिस ने बरामद हथियार, साइकिल और मोबाइल को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इस संबंध में महेशखूँट थाना (कांड संख्या 214/26) में मामला दर्ज किया गया है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *