Patna: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को घोषणा की कि उनके अनुरोध पर बिहार में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) के नए कैंपस की स्थापना को केंद्र सरकार की सहमति मिल गई है. मुख्यमंत्री ने इसके लिए प्रधानमंत्री और केंद्रीय संस्कृति मंत्री के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया. मुख्यमंत्री ने बताया कि NSD कैंपस के लिए बिहार सरकार उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराएगी और भवन निर्माण की स्वीकृत लागत का 50 प्रतिशत राज्यांश वहन करेगी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संस्थान की शीघ्र स्थापना के लिए हरसंभव प्रशासनिक सहयोग प्रदान करेगी.
राज्य में ही मिलेगा पेशेवर प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि NSD कैंपस की स्थापना से बिहार के युवा कलाकारों को राज्य में ही पेशेवर नाट्य प्रशिक्षण, स्टेजक्राफ्ट, प्रदर्शन कला और उन्नत शोध के बेहतर संस्थागत अवसर मिलेंगे. उन्होंने कहा कि “अब प्रतिभाशाली कलाकारों को प्रशिक्षण के लिए राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी. बिहार की लोक नाट्य परंपराओं और आधुनिक रंगमंच के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा.”
सांस्कृतिक विरासत को मिलेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की सांस्कृतिक विरासत अत्यंत समृद्ध रही है. यह कालिदास, रामवृक्ष बेनीपुरी और भिखारी ठाकुर जैसी महान विभूतियों की भूमि है. राज्य की लोक नाट्य एवं प्रदर्शन कलाओं की अपनी विशिष्ट और गौरवशाली परंपरा रही है. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने पहले ही नाट्य कलाओं के संरक्षण, संवर्धन और समन्वय के लिए बिहार संगीत नाट्य अकादमी की स्थापना की है. NSD का कैंपस इस दिशा में राज्य के प्रयासों को और मजबूती प्रदान करेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि “बिहार में NSD कैंपस की स्थापना केवल एक संस्थान नहीं, बल्कि राज्य की सांस्कृतिक विरासत, युवा प्रतिभाओं और आधुनिक रंगमंच के भविष्य में निवेश है.” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयास से यह संस्थान बिहार को राष्ट्रीय रंगमंच के मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित करेगा.
