Ranchi: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को रांची जिला के हॉकी स्टेडियम सभागार में डीडीसी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जल महोत्सव पखवाड़ा का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया गया. यह पखवाड़ा 8 मार्च से 22 मार्च 2026 तक जिले में विभिन्न जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान डीडीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाले प्रतिदिन के कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी उपस्थित लोगों को दी. उन्होंने दोनों प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि अपने-अपने प्रमंडल से पांच-पांच ऐसी महिलाओं का चयन करें, जिन्होंने पखवाड़े के दौरान जल संरक्षण एवं जनजागरूकता से जुड़ी उत्कृष्ट गतिविधियाँ की हों. चयनित महिलाओं को 22 मार्च 2026 को जिला एवं राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा.
इस अवसर पर विभिन्न पंचायतों से आए मुखिया एवं जलसहिया दीदियों ने अपने-अपने पंचायत और गांवों में जल संरक्षण एवं जल जीवन मिशन के अंतर्गत किए गए सराहनीय कार्यों के अनुभव भी साझा किए. कार्यक्रम के दौरान डीडीसी द्वारा जल जीवन मिशन के तहत उत्कृष्ट कार्य करने के लिए एक मुखिया एवं चार जलसहिया दीदियों को शॉल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. इसके अतिरिक्त अन्य उत्कृष्ट कार्य करने वाली जलसहिया दीदियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में जल संरक्षण, स्वच्छ जल की उपलब्धता और महिलाओं की भूमिका को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया. इस अवसर पर संबंधित विभाग के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, जलसहिया दीदियां एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित थीं.
