Patna: झारखंड के गिरिडीह जिले में गेरुआ पुरसुंडा पंचायत के पूर्व मुखिया सुरेश कुमार वर्मा उर्फ लंबुजी की हत्या के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी दिलखुश कुमार को लखीसराय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उसके साथ एक अन्य आरोपी गुलशन कुमार को भी पकड़ा गया है. दोनों को बिहार के बेगूसराय जिले से गिरफ्तार किया गया. यह कार्रवाई लखीसराय पुलिस ने जिला सूचना इकाई (DIU) और एसटीएफ के सहयोग से की.

हत्या के प्रयास के मामले में भी था वांछित

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2025 को हलसी थाना क्षेत्र के बहरावां गांव निवासी सुनीता देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव के कुछ लोगों ने उनके परिवार के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. इस मामले में हलसी थाना (कांड संख्या 190/25) में मामला दर्ज किया गया था. इस कांड में छह आरोपियों के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल किया जा चुका था, जबकि अन्य आरोपियों के विरुद्ध अनुसंधान जारी था. इसी मामले में वांछित दिलखुश कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. उसकी गिरफ्तारी पर लखीसराय पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था.

गिरिडीह में पूर्व मुखिया की हत्या में भी नाम

जानकारी के अनुसार, 9 सितंबर 2025 को झारखंड के गिरिडीह जिले में गेरुआ पुरसुंडा पंचायत के पूर्व मुखिया सुरेश कुमार वर्मा उर्फ लंबुजी की हत्या कर दी गई थी. इस मामले में दिलखुश कुमार वांछित है. घटना के संबंध में झारखंड के गिरीडीह जिले के हीरोडीह थाना (कांड संख्या 121/25) में मामला दर्ज किया गया था. गिरफ्तार दिलखुश कुमार लखीसराय जिले के हलसी थाना क्षेत्र के बहरावां गांव का निवासी है, जबकि गुलशन कुमार भी इसी गांव का रहने वाला है. दिलखुश के खिलाफ मारपीट, चोरी, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज हैं. गुलशन कुमार का नाम भी पूर्व के एक आपराधिक मामले में दर्ज है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *