Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार 01 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प सभागार’ में कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत वर्ष 2025 में हुई अतिवृष्टि से उत्पन्न बाढ़ एवं मोथा तूफान के कारण हुई फसल क्षति के लिए 2 लाख से अधिक प्रभावित किसानों को 100 करोड़ रूपये से अधिक की राशि का डीबीटी के माध्यम से अंतरण किया. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान इस राशि का उपयोग आगामी फसलों के लिए कर सकेंगे. कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत सभी बाढ़ प्रभावित किसानों को अनुदान राशि दी जा रही है. राज्य सरकार सभी बाढ़ पीड़ित किसानों को सहायता उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध है. हमलोग किसानों की तरक्की के लिए लगातार काम कर रहे हैं. हमारा मानना है कि राज्य के खजाने पर बाढ़ पीड़ितों का पहला अधिकार है.
बता दे कि वर्ष 2025 में भारी वर्षा से उत्पन्न बाढ़ एवं मोथा तूफान से राज्य के 13 जिले बेगूसराय, भोजपुर, दरभंगा, गयाजी, कैमूर, किशनगंज, मधेपुरा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चम्पारण, शिवहर, सीतामढ़ी एवं सुपौल में काफी फसल क्षति हुयी थी. इन जिलों के 53 प्रखंड और 493 पंचायत के किसान प्रभावित हुये थे. जिसके लिए कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत प्रभावित किसानों को फसल क्षतिपूर्ति अनुदान दिया जा रहा है. कृषि विभाग द्वारा सभी प्रभावित जिलों के किसानों से ऑनलाईन आवेदन प्राप्त किया गया तथा जिलों द्वारा इसका सत्यापन किया गया. आज 2 लाख 2 हजार किसानों को 113 करोड़ 16 लाख रूपये सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित किया गया.
