Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प सभागार’ में 2024 बैच के बिहार कैडर के 12 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने मंगलवार को मुलाकात की. मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान विरूपाक्ष विक्रम सिंह, प्रिया रानी, कृष्णा जोशी, प्रेम कुमार, सैयद आदिल मोहसिन, अजय यादव, सुरज कुमार, विग्नेश टीए, जतिन कुमार, के० परीक्षित, महेश कुमार एवं कशिश बख्शी ने अपनी ट्रेनिंग के दौरान जिले में किए गए कार्यों के संबंध में अनुभव साझा किए. इन 12 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों में 03 महिलायें और 09 पुरूष हैं इनमें 04 बिहार के, 03 राजस्थान, 02 दिल्ली के, 01 हरियाणा, 01 तमिलनाडु एवं 01 झारखंड के रहनेवाले हैं.
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु अधिकारियों से बातचीत करते हुए कहा कि आप लोगों ने अपने अनुभव साझा किए, यह सुनकर अच्छा लगा. आपलोग अभी ट्रेनिंग पीरियड में हैं, उसके बाद आपलोगों की पोस्टिंग होगी. सरकार नीति बनाती है और उसे क्रियान्वित करने में आईएएस अधिकारियों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है. आप सभी संवेदनशीलता, ईमानदारी, अनुशासन एवं पूर्ण मनोयोग से कार्य करते हुये राज्य एवं देश की तरक्की में अपना योगदान दें. आपके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ.
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ० बी० राजेन्दर, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह एवं मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह उपस्थित थे.
