Ranchi: फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए दोस्त से हथियार लेकर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया वायरल वाले आरोपी को पलामू के नौडीहा बाजार थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी वीडियो के माध्यम से धमकाने का प्रयास भी किया था. गिरफ्तार आरोपी में नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के मंगराडीह, करकटा निवासी सोनु कुमार और पीपरा थाना क्षेत्र के श्रीपालपुर निवासी सुरज कुमार का नाम शामिल है. आरोपी के निशानदेही पर एक देशी कट्टा और एक मोबाइल पुलिस ने बरामद किया है.
पुलिस के अनुसार नौडीहा बाजार थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम मंगराडीह, करकटा में दो युवक अवैध हथियार के साथ देखे गए हैं. जो उसका फोटो और वीडियो बनाकर लोगों को दिखाते हैं तथा डरा-धमकाकर अपनी छवि बनाने का प्रयास कर रहे हैं. सूचना पर नौडीहा बाजार थाना पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए छापामारी कर आरोपी को एक देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उन्होंने फोटो और वीडियो बनाकर लोगों को धमकाने तथा सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के उद्देश्य से यह हथियार अपने एक मित्र से लिया था. पुलिस हथियार उपलब्ध कराने वाले की तलाश में संभावित ठिकाने पर छापामारी कर रही है.
