Patna: राज्य में कार्यरत सभी चीनी मिलों में टिशू कल्चर प्रयोगशाला, मिट्टी जांच केंद्र और बॉयो कंट्रोल प्रयोगशाला की स्थापना कराई जाएगी. इसको लेकर गन्ना उद्योग विभाग ने तैयारी शुरू कर दिया है. इसके लिए विभाग ने सभी कार्यरत चीनी मिलों से शीघ्र प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. विभाग के अनुसार बिहार में गन्ना के नाभिकीय बीज, प्रजनन बीज और आधार बीज का विस्तार करने के साथ ही गन्ना का उत्पादन बेहतर करने के उद्देश्य से सभी कार्यरत चीनी मिलों में टिशू कल्चर प्रयोगशाला की स्थापना कराने का निर्णय लिया गया है ताकि इस लैब से उन्नत किस्म के पौधों का उत्पादन हो सके. इसी प्रकार खेतों में मिट्टी की गुणवत्ता की जांच करने के लिए मिट्टी जांच केंद्र की स्थापना की जाएगी. ताकि गन्ना किसानों को खेत में उर्वरक का उपयोग करने के साथ ही फसल चक्र योजना बनाने में मदद मिल सके.
बताया जाता है कि ईख आयुक्त ने बगहा, बेतिया, मोतिहारी, गोपालगंज, समस्तीपुर, सीतामढ़ी और सीवान जिले के सहायक निदेशकों को निर्देश दिया है कि कार्यरत चीनी मिलों के महाप्रबंधकों से संपर्क कर टिशू कल्चर प्रयोगशाला, मिट्टी जांच केंद्र और बॉयो कंट्रोल प्रयोगशाला की स्थापना के लिए शीघ्र प्रस्ताव उपलब्ध कराएं. इसके लिए विभाग ने तिथि भी निर्धारित किया है. ताकि इस योजना को शीघ्र धरातल पर उतारा जा सके.
