Patna: पुलिस पर हमला कर आरोपी को छुड़ाने में शामिल पिता-पुत्र समेत तीन आरोपी को सारण के एकमा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में एकमा थाना क्षेत्र के परसागढ़ के रहने वाले सुनील पटेल, उसका पुत्र मिथलेश पटेल और जलालपुर थाना क्षेत्र के रुसी निवासी अभिजीत कुमार का नाम शामिल है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 27 फरवरी की रात गस्ती एवं छापेमारी के क्रम में एकमा थाना पुलिस एक मामले (कांड संख्या-367/25) के नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए परसागढ़ बाजार में छापेमारी कर नितीश कुमार को गिरफ्तार किया. इसी दौरान आरोपी के परिजन एवं अन्य ने पुलिस दल पर हमला कर पुलिस कार्रवाई में बाधा उत्पन्न किया. जिस कारण एक पुलिसकर्मी को गंभीर चोटें आईं तथा अन्य पुलिसकर्मी भी आंशिक रूप से घायल हुए. हमलावरों ने गिरफ्तार आरोपी को बलपूर्वक छुड़ा लिया. मामले को लेकर नामजद एवं अज्ञात आरोपी के विरुद्ध एकमा थाना (कांड संख्या-57/26) में मामला दर्ज किया गया. पुलिस कार्रवाई करते हुए तीन आरोपी को गिरफ्तार किया. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी जारी है.
