Ranchi: गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र के ग्राम गौरीकिता रघुनाथपुर स्थित पुल के पास 10 अगस्त को मिले 16 वर्षीय किशोर के शव के मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है. मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में महगामा थाना क्षेत्र के गोडिया के रहने वाली सुगनी देवी और बिहार के भागलपुर जिले क कहलगांव थाना क्षेत्र के मिल्की की रहने वाली मीला देवी का नाम शामिल है. आरोपी की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल, एक जोड़ी चप्पल तथा घटना में प्रयुक्त गमछा पुलिस ने बरामद किया है. पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक सूरज और आरोपी मीला देवी के बीच पूर्व से अवैध संबंध थे. कुछ माह पहले मीला देवी ने सूरज से मिलना-जुलना और फोन पर बातचीत बंद कर दी थी. इसके बावजूद सूरज बार-बार उससे मिलने का प्रयास कर रहा था. 9 अगस्त को जब सूरज मीला देवी के घर पहुंचा, तो मीला देवी ने अपनी बहन सुगनी देवी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद दोनों ने शव को रात में गौरीकिता रघुनाथपुर स्थित पुल के पास लाकर छोड़ दिया.
गौरीकिता रघुनाथपुर स्थित पुल के पास से बरामद हुआ था शव
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 अगस्त को ग्राम गौरीकिता रघुनाथपुर स्थित पुल के पास एक 16 वर्षीय किशोर का शव बरामद हुआ था. मृतक की पहचान पथरगामा थाना क्षेत्र के तरडीहा निवासी सूरज कुमार राय के रूप में हुई. इस संबंध में महागामा थाना (कांड संख्या-151/26) में मामला दर्ज किया गया. एसपी के निर्देश पर महगामा एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई. टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान करते हुए मामले का खुलासा किया. दोनों महिलाएं गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है.
