Patna: कोलकाता से बांका स्थित घर लौट रहे युवक की रामपुर मोड़ के नजदीक सिर कटी शव बरामद किया गया. बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के रामपुर मोड़ पर सड़क किनारे स्थित नाले से सिर कटी लाश मिलने के बाद हड़कंप मच गया. अपराधियों ने युवक का सर धड़ से अलग करने के साथ साथ प्राइवेट पार्ट भी काट दिया है. मृतक की पहचान केंदुआर गांव निवासी बिहारी यादव के रूप में हुई है. उनकी हत्या अत्यंत क्रूरतापूर्वक की गई थी.
जानकारी के मुताबिक बिहारी यादव बीते सोमवार को कोलकाता से घर लौट रहा था. इंग्लिश मोड़ पर पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी पत्नी रिंकू देवी को फोन कर जानकारी दी थी. लेकिन आधे घंटे बाद जब रिंकू देवी ने दोबारा कॉल किया तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला. इसके बाद परिजन खोजबीन में जुट गए, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.
शुक्रवार को गांव के ही एक रिश्तेदार ने रामपुर और केंदुआर के बीच सड़क किनारे एक शव पड़े होने की सूचना दी. मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने शव की पहचान बिहारी यादव के रूप में की. शव के पास मिठाई का डब्बा और अन्य सामान से भरा बैग भी मिला. गले पर गहरा कटाव देख पुलिस हत्या की आशंका जता रही है.
परिजनों का आरोप है कि मृतक का 2016 से चाचा सुनील यादव, सीटू यादव और अन्य के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. कई बार उन्हें जान से मारने की धमकियां भी मिली थीं. परिजनों को शक है कि इस जघन्य हत्या के पीछे इन्हीं लोगों का हाथ हो सकता है.”
गुस्साए ग्रामीणों ने इंग्लिश मोड़-शंभूगंज मुख्य मार्ग को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. सूचना मिलते ही बांका एसडीपीओ, अमरपुर थाना अध्यक्ष, बीडीओ, सीओ समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया. पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया है. मामले को लेकर विभिन्न बिंदु पर पुलिस छानबीन कर रही है.
