Ranchi: पलामू के भकासी में हथियार लेकर घूम रहे आरोपी लेस्लीगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के भकासी निवासी सुनील कुमार और चनैगिर निवासी करण कुमार का नाम शामिल है. आरोपी के निशानदेही पर 2 देशी कट्टा, 2 गोली और मोबाइल पुलिस ने बरामद किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लेस्लीगंज थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम भकासी निवासी सुनील कुमार के पास अवैध हथियार है और वह गाँव में संदिग्ध रूप से घूमता देखा गया है. प्राप्त सूचना के अनुसार वह किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में था.
सूचना पर पलामू एसपी के दिशा-निर्देश में एक छापामारी दल का गठन किया गया. छापामारी के क्रम में जैसे ही पुलिस दल ग्राम भकासी स्थित सुनील कुमार के घर पहुँचा, तो आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा. जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया. पकड़े गए सुनील कुमार के तलाशी में एक देशी कट्टा, गोली, मोबाइल बरामद किया गया. कुणाल के निशानदेही पर उसके मित्र करण कुमार के घर से भी एक देशी कट्टा एवं गोली बरामद किया गया.
दोनों आरोपियों के विरुद्ध लेस्लीगंज थाना (कांड संख्या – 67/2025) में मामला दर्ज किया है.
