Patna: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि राज्य सरकार जनसेवा के संकल्प के साथ काम कर रही है. अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाकर जनता के विश्वास को और अधिक मजबूत बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. मुख्यमंत्री मंगलवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित हॉल में आयोजित ‘राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम’ में बोल रहे थे. इस दौरान कुल 181 आवेदकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याएं रखीं, जिनका मौके पर ही निष्पादन किया गया.
अतिक्रमण और पेंशन योजनाओं पर दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जो भी सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त कराई गई है, वह दोबारा अतिक्रमित न हो. उन्होंने कहा कि वृद्धा पेंशन और राशन कार्ड के पात्र आवेदकों को बिना किसी देरी के लाभ मिलना चाहिए. किसी भी स्थिति में कोई भी योग्य व्यक्ति तकनीकी कारणों से योजना से वंचित न रहे. इसके साथ ही बरसात के बाद नई सड़कों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए.
काम में शिथिलता बरतने वाले अफसरों पर गिरेगी गाज
अधिकारियों को चेतावनी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी अधिकारी या कर्मी आवेदनों के निष्पादन में सहयोग नहीं करेंगे या शिथिलता बरतेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए.
आवेदकों ने जताया आभार
कार्यक्रम के दौरान जहानाबाद की प्रिया, मुजफ्फरपुर के विभूति कुमार सिंह, नवादा की कांति देवी और सहरसा के शंकर कुमार सहित कई आवेदकों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया. आवेदकों ने कहा कि सहयोग शिविरों के माध्यम से समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है.
वरिष्ठ अधिकारी और मंत्री रहे मौजूद
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, विभिन्न विभागों के मंत्रीगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार और सचिव लोकेश कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे. सभी जिलों के जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े रहे.
