Patna: सीतामढ़ी नगर थाना पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज बनाकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने किरण चौक स्थित एक कंप्यूटर सेंटर पर छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और फर्जी दस्तावेज बनाने में इस्तेमाल होने वाला पूरा सेटअप जब्त किया है. गिरफ्तार आरोपी रतन कुमार रीगा थाना क्षेत्र के सिरौली का रहने वाला है. कंप्यूटर की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी Fire API Setup एवं VVEW.xyz नामक फर्जी पोर्टल/वेबसाइट के माध्यम से फर्जी आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार करते थे. प्रारंभिक जांच में पता चला कि ये लोग आम लोगों से मोटी रकम लेकर फर्जी दस्तावेज बनाते थे, जो बाद में Reject हो जाते थे.
1.5 लाख की ठगी की मिली थी शिकायत
पुलिस के अनुसार 27 अगस्त को नगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक पीड़िता से 1,50,000 रुपये की ठगी की गई है. साथ ही सूचना थी कि किरण चौक स्थित कुछ कंप्यूटर सेंटरों के माध्यम से फर्जी आधार कार्ड एवं अन्य दस्तावेज तैयार कर आम लोगों से ठगी की जा रही है. सूचना पर पुलिस टीम ने किरन चौक स्थित संबंधित दुकान की तलाशी ली. तलाशी में पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड बनाने में प्रयुक्त प्रिंटर, बायो स्कैनर, वेब कैमरा, CPU, LED मॉनिटर, की-बोर्ड, माउस, Wi-Fi, Python Setup बरामद किया. इसके अलावा आधार कार्ड, आधार कार्ड Acknowledgement सहित अन्य सामग्री भी जब्त की गई. मौके से दुकान में कार्यरत रतन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया.
