Patna: रंजीत हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा करते हुए औरंगाबाद जिले के देव थाना पुलिस ने आठ आरोपी को गिरफ्तार किया है. पत्नी ने परिजनों से पति की हत्या करवाई थी. मृतक की पत्नी ने माता, पिता, भाई और ग्रामीण के साथ मिलकर षड़यंत्र रची थी. गिरफ्तार आरोपी में मृतक की पत्नी प्रियंका कुमारी, सास चांदमुनी देवी, ससुर गणेश रिकियासन, साला मुन्ना रिकियासन, शिवशंकर पासवान, पिंटू भुईया, हरेराम भुईया और कुंदन कुमार का नाम शामिल है. सभी आरोपी देव थाना क्षेत्र के बेलसारा का रहने वाला है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18 फरवरी को देव थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि ग्राम-बेलसारा भुइया बिगहा में रंजीत कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया हैं. सूचना पर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर आस-पास के लोगों पूछताछ किया. वही इस संदर्भ में मृतक के परिजन के लिखित आवेदन के आधार पर देव थाना (कांड संख्या-47/26) में मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सदर-02, मदनपुर के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन कर मामले का उद्भेदन की जिम्मेदारी सौंपी गई. गठित एसआईटी तकनीकी साक्ष्य, गैर तकनीकी साक्ष्य के आधार पर मामले का उद्भेदन करते हुए आठो आरोपी गिरफ्तार किया. अनुसंधान के क्रम में यह बात प्रकाश में आई कि मृतक रंजीत कुमार और उनकी पत्नी प्रियंका कुमारी के बीच अक्सर विवाद होता था. घटना के दिन हुए झगड़े के बाद, पत्नी ने अपने माता-पिता, भाई और चार अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर षड्यंत्र रचा. योजना के तहत रंजीत कुमार के साथ मार-पीट करते हुए गला दबाकर हत्या कर दी गई और शव को बेलसारा गाँव के बाहर बगीचे में फांसी के फंदे से लटका दिया गया. गिरफ्तार आरोपी ने अपना-अपना अपराध स्वीकार किया.
