Ranchi: त्योहार की खुशियां अपनों के साथ मनाने की परंपरा के बीच सिमडेगा के एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश की. दीपावली के अवसर पर वे सिमडेगा स्थित वृद्धाश्रम एवं अनाथ आश्रम पहुंचे और वहां रह रहे बुजुर्गों एवं बच्चों के साथ त्योहार मनाकर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी.
बुजुर्गों का जाना हाल, बच्चों के साथ साझा की खुशियां
इस दौरान एसडीपीओ ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना. बातचीत के दौरान उन्होंने बुजुर्गों के जीवन के अनुभवों को भी सुना और उन्हें भरोसा दिलाया कि वे समाज के अभिन्न एवं सम्मानित अंग हैं. वहीं, अनाथ आश्रम के बच्चों के बीच पहुंचकर उन्होंने उनके साथ समय बिताया और मिठाइयां वितरित कीं. एसडीपीओ ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति एवं खुशहाली की कामना की.
