Patna: कटिहार नगर थाना क्षेत्र में अधिवक्ता मो. अजीमुद्दीन अंसारी उर्फ गुड्डू अंसारी की हत्या का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. हरिगंज चौक और पटेल चौक के बीच अपराधियों ने अधिवक्ता को घेरकर पहले मारपीट की और चाकू से हमला किया. इसके बाद गोली मारकर उनकी हत्या कर दी. मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में मो. रेहान (21), मो. अशफाक (23), इनायत (20), मो. महफूज (19) और मुन्ना उर्फ अख्तर (42) शामिल हैं. सभी नगर थाना क्षेत्र के रामपाड़ा के रहने वाले हैं. गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक चाकू, एक स्कूटी, एक बाईक और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं. इसके अलावा घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी पुलिस ने बरामद किए हैं.

कोर्ट जाने के दौरान अपराधियों ने घेरा

मामले की जानकारी देते हुए कटिहार एसपी ने बताया कि 5 अक्टूबर को मो. अजीमुद्दीन अंसारी कोर्ट जा रहे थे. इसी दौरान हरिगंज चौक और पटेल चौक के बीच अपराधियों ने उन्हें घेर लिया. उनके साथ मारपीट की गई और चाकू से हमला करने के बाद गोली मार दी गई. गंभीर हालत में पुलिस ने उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. मृतक के परिजनों के लिखित आवेदन पर नगर थाना (कांड संख्या 1182/26) में मामला दर्ज की गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सदर-01 के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई. टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए लगातार छापेमारी की. पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के अंदर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, दो गोली,  चाकू समेत अन्य सामान बरामद किया गया.

बहन के गली विवाद को लेकर चल रहा था मुकदमा

एसपी ने बताया कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है. मृतक की बहन और आरोपियों के बीच गली को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद को लेकर कोर्ट में मामला भी चल रहा था. पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि करीब एक माह पहले मृतक ने मुख्य आरोपी मो. रेहान के पिता को लोगों के बीच थप्पड़ मार दिया था. इसी घटना का बदला लेने के लिए आरोपियों ने अधिवक्ता की हत्या की साजिश रची और मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed