Ranchi: दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में एसएसपी ने ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख और संवेदनशील दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

रातू, नगड़ी, कांके और नामकुम में सुरक्षा की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने रातू, नगड़ी, कांके और नामकुम सहित अन्य संबंधित थाना क्षेत्रों के महत्वपूर्ण पूजा पंडालों का भ्रमण किया. इस दौरान पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और आवागमन की तैयारियों की समीक्षा की गई. मौके पर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण सहित अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी और केंद्रीय शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे.

संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी के निर्देश

एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को पूजा पंडालों में पर्याप्त सुरक्षा बल की व्यवस्था सुनिश्चित करने, भीड़ को नियंत्रित रखने और श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने का निर्देश दिया. संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने पर जोर दिया गया.

पूजा समितियों के साथ समन्वय पर जोर

पुलिस अधिकारियों को पूजा समितियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पूजा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने का निर्देश दिया गया. विधि-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी समस्या पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो.

अफवाहों से बचने की पुलिस की अपील

रांची पुलिस ने आम नागरिकों से दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है. पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा संदिग्ध गतिविधि या विधि-व्यवस्था से संबंधित समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया है. रांची पुलिस ने शांतिपूर्ण दुर्गा पूजा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *