Ranchi: राजधानी की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए रांची एसएसपी राकेश रंजन खुद सड़क पर उतरे. एसएसपी ने ट्रैफिक एसपी के साथ अल्बर्ट एक्का चौक से लेकर अंजुमन प्लाजा तक पैदल निरीक्षण किया और ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे गैर कानूनी पार्किंग करने वालों, दुकान लगाने वालों एवं अन्य अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई. कई जगह से ठेले-खोमचे हटवाए गए और सामान जब्त किया गया. इस दौरान डीएसपी, स्थानीय थाना प्रभारी और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे. एसएसपी ने सभी को अपने-अपने क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए.
फुटपाथ पर बाइक-कार लगाने वालों पर एक्शन
पैदल चलने वाले यात्रियों के मार्ग पर मोटरसाइकिल एवं अन्य गाड़ियां लगाने वाले चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई हुई. फुटपाथ खाली कराया गया। पार्किंग स्टैंड में खड़ी गाड़ियों को सुव्यवस्थित ढंग से पार्क कराया गया ताकि जाम न लगे. एसएसपी ने ट्रैफिक पोस्ट में तैनात अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी. पब्लिक को जाम से राहत दिलाना पहली प्राथमिकता है.
