Ranchi: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) रांची ने ट्रेन में चोरी की वारदात का 24 घंटे में खुलासा कर दिया. ट्रेन संख्या 18636 से यात्री का बैग चुराने वाले आरोपी को नकद और दस्तावेजों समेत गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपी सुबोध कुमार चतरा जिले के केशरी चौक गौशाला रोड का रहने वाला है. आरोपी के पास से 5,000 नकद, मोहित कुमार का आधार कार्ड व पैन कार्ड, तीन पैकेट सूखे मेवे और अन्य सामान बरामद हुआ. आरोपी ने ट्रेन 18636 से चोरी की बात कबूल की.
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के मुताबिक हटिया सुरक्षा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से रेल मदद पर शिकायतकर्ता मोहित कुमार ने शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 18636 के रांची स्टेशन पहुंचने के बाद शौचालय जाने के दौरान उनकी सीट से सफेद रंग का रक्सैक बैग चोरी हो गया. चोरी गए बैग में 5,000 रुपये नकद, सूखे मेवे के पैकेट, पैन कार्ड, आधार कार्ड और कुछ पुराने कपड़े थे. शिकायत मिलते ही RPF ने स्टेशन के CCTV फुटेज खंगाले. फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति शिकायतकर्ता के बैग से मिलते-जुलते सफेद रक्सैक के साथ ट्रेन से उतरता दिखा. गहन तलाशी के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 के नामकुम छोर स्थित फुट ओवर ब्रिज के पास संदिग्ध अवस्था में सफेद ‘सफारी’ रक्सैक बैग लिए आऱोपी सुबोध कुमार को पकड़ा गया.
