Patna: 15 सितंबर को पीएम पूर्णिया में 40 हजार करोड़ से ज्यादा की योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास करेंगे. पीएम मोदी इस बार पूर्णिया एयरपोर्ट के अंतरिम टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और सीमांचल की धरती से  विकास को उड़ान के लिए तैयार करेंगे. पूर्णिया एयरपोर्ट से पहली वाणिज्यिक उड़ान की शुरुआत भी इसी मौके पर होगी. इससे सीमांचल के लोगों को देश के अन्य हिस्सों तक तेज और सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी.

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने बताया पीएम मोदी ने 2015 में पहली बार बिहार को 1.65 लाख करोड़ का विशेष आर्थिक पैकेज दिया था. वे 50 बार से ज्यादा इस राज्य की यात्रा करने वाले पहले पीएम हैं.

इसके साथ ही भागलपुर में नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत एसटीपी और आई एंड डी, पूर्णिया में सेक्स सॉर्टेड सीमेन उत्पादन केंद्र , अररिया से गलगलिया (ठाकुरगंज) तक नई रेल लाइन का उद्घाटन करेंगे. पूर्णिया एयरपोर्ट का यह नया टर्मिनल बिहार में हवाई कनेक्टिविटी को और सुदृढ़ करेगा. ये राज्य का सबसे बड़ा रनवे वाला एयरपोर्ट है. इसके साथ ही वह  सीमांचल के किसानों और पशुपालकों को आधुनिक तकनीक से लैस सीमेन सुविधा का बड़ा लाभ देंगे.

भागलपुर जिले के पीरपैंती में 3×800 मेगावाट की थर्मल पावर परियोजना

पीएम इस दौरे पर कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे. इनमें भागलपुर जिले के पीरपैंती में 3×800 मेगावाट की थर्मल पावर परियोजना शामिल है, जो ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मील का पत्थर साबित होगी. इसके अलावा सुपौल और कटिहार जिलों में आई एंड डी व एसटीपी कार्य की आधारशिला रखी जाएगी. पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए कटिहार, भागलपुर और दरभंगा जिलों में नई पेयजल परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे. श्री चौधरी ने बताया कि बिहार में रेल संपर्क को मजबूती देने के लिए विक्रमशिला से कटारेह तक नई रेल लाइन बनाई जाएगी. साथ ही बहुप्रतीक्षित कोसी-मेची अंतरदलीय लिंक परियोजना के पहले चरण का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री करेंगे.

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गृह प्रवेश

इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 35,000 ग्रामीण और 5,920 शहरी लाभार्थियों को पीएम गृह प्रवेश कराएंगे. बिहार में एनआरएलएम के तहत क्लस्टर लेवल फेडरेशनों को सामुदायिक निवेश फंड का भी वितरण किया जाएगा.

सीमांचल में नई रेल सेवाओ की सौगात

इस दौरे में सीमांचल और आसपास के जिलों को नई रेल सेवाओं की भी सौगात मिलेगी. पीएम अररिया-गलगलिया रेलखंड पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. इसके अलावा जोगबनी-दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस, सहरसा-छेहरटा (अमृतसर) अमृत भारत एक्सप्रेस और जोगबनी-ईरोड अमृत भारत एक्सप्रेस को भी वो रवाना करेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *