Patna: सात निश्चय-03 के सबका सम्मान– जीवन आसान निश्चय तहत राज्य की ग्राम पंचायतों में अवस्थित श्मशान घाट या कब्रिस्तान में मृतक की अंत्येष्टि होने पर परिजनों को 24 घंटे में मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने की तैयारी पूरी हो गई है. यह बातें बुधवार को पंचायती राज विभाग के सचिव मनोज कुमार ने विभाग की समीक्षात्मक बैठक में कही. बैठक में विभाग द्वारा क्रियान्वित योजनाओं की प्रगति के लिए सभी जिलों के उप-विकास आयुक्त और जिला परिषदों के अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मौजूद रहे.

सचिव ने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि मृतक के परिजन को 24 घंटे के अंदर मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत किया जा सके इसके लिए वार्ड सदस्यों को आवश्यक प्रपत्र (प्रपत्र 02 एवं प्रपत्र 08) शीघ्र प्रदान किया जाए. मृत्यु प्रमाण पत्र पंचायत सचिव द्वारा निर्गत किया जाएगा. इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभाग द्वारा एक पोर्टल विकसित किया गया है जिसमें ग्राम पंचायतों में अवस्थित शवदाह गृह और कब्रिस्तान में हुई अंत्येष्टि की संख्या और निर्धारित समय सीमा के अंदर मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने की कार्यवाही का अनुश्रवण किया जाएगा.

प्रदत्त राशि के उपयोगिता प्रमाण पत्र समर्पण प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, सहज व तीव्र बनाने के के लिए विभाग द्वारा पूर्व से विकसित ई- पंचायत बिहार पोर्टल पर यूसी माड्यूल को संलग्न करने की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है. शीघ्र ही इसका प्रभावी प्रयोग सुनिश्चित करने के लिए पदाधिकारियों को प्रशिक्षित कर इसे लागू किया जाएगा.

2819 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण पूरा

राज्य की ग्राम पंचायतों में 2819 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है. अहस्तांतरित पंचायत सरकार भवनों का शीघ्र हस्तांतरण सुनिश्चित करते हुए इन्हें क्रियाशील करने के लिए सचिव द्वारा पदाधिकारियों को निदेशित किया गया. ग्राम पंचायतों द्वारा बनाए जाने वाले पंचायत सरकार भवनों के प्राक्कलन का स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (एलएईओ) प्राप्त कर निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ करने के लिए सचिव ने पदाधिकारियों को निदेशित किया गया.

15 दिनों के अंदर बचे हुए ग्राम पंचायतों में लगेगा स्ट्रीट सोलर लाइट

इसके साथ ही सचिव ने मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत जिन जिलों की ग्राम पंचायतों में शत- प्रतिशत सोलर स्ट्रीट लाइट्स का अधिष्ठापन नहीं हुआ है वहां 15 दिनों के अंदर कार्य पूरा करने कहा. उन्होंने जिला पंचायती राज पदाधिकारियों को राज्य की ग्राम पंचायतों में सोलर स्ट्रीट लाईट अधिष्ठापन का कार्य कर रही एजेंसियों के कार्यों की समीक्षा करने के लिए जिला पंचायत राज पदाधिकारियों को निदेशित किया. साथ ही यदि एजेंसी द्वारा कार्य में विलंब अथवा लापरवाही पाई जाती है तो अनुबंध के आलोक में उनपर कार्रवाई करने के लिए भी पदाधिकारियों को निदेशित किया. पंचायत सचिव के माध्यम से अधिष्ठापित सोलर स्ट्रीट लाइट का नियमित रूप से स्थल निरीक्षण सुनिश्चित करने भी कहा.

छठे राज्य वित्त आयोग की राशि जनकल्याणकारी योजनाओं पर खर्च

15 वीं वित्त आयोग तथा छठे राज्य वित्त आयोग द्वारा प्रदत्त राशि की प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त कर जनकल्याणकारी योजनाओं पर तेजी से खर्च करने के लिए भी पदाधिकारियों को निदेशित किया. बैठक में लंबित न्यायिक वाद तथा उपयोगिता प्रमाण पत्र की भी समीक्षा की गई. आहूत समीक्षात्मक बैठक में निदेशक नवीन कुमार सिंह, अपर सचिव डॉ0 आदित्य प्रकाश, अपर सचिव नज़र हुसैन, संयुक्त सचिव शम्स जावेद अंसारी सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed