Patna: वैशाली में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई के दौरान अंतरजिला कुख्यात अपराधी राजनंदन उर्फ छोटू उर्फ हंटर पुलिस मुठभेड़ में जख्मी हो गया. उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सदर अस्पताल, हाजीपुर में भर्ती कराया है, जहां पुलिस निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. गिरफ्तार अपराधी के खिलाफ वैशाली, समस्तीपुर और कटिहार समेत विभिन्न जिलों में लूट, हत्या, डकैती, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से अपराधी द्वारा इस्तेमाल की गई एक पिस्टल, एक खोखा और एक बाइक बरामद की है. मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया. टीम ने मौके से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं.

दिग्घी कला में की गई घेराबंदी, पुलिस टीम पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

वैशाली एसएसपी के अनुसार, बीती रात गुप्त सूचना मिली थी कि कई संगीन आपराधिक मामलों में वांछित राजनंदन उर्फ छोटू उर्फ हंटर दिग्घी कला इलाके में मौजूद है. सूचना के आधार पर सदर थाना पुलिस और एसटीएफ पटना की संयुक्त टीम ने दिग्घी कला पूर्वी स्थित मलमल्ला चौड़ में घेराबंदी कर सघन वाहन जांच और छापेमारी शुरू की. पुलिस टीम का उद्देश्य कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार करना था.

इसी दौरान पुलिस के अनुसार, अपराधी ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर जान मारने की नीयत से गोलीबारी शुरू कर दी. जवाब में पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में नियंत्रित और विधि-सम्मत कार्रवाई की. इस दौरान राजनंदन के दाहिने पैर में गोली लग गई. घायल अवस्था में उसे तत्काल सदर अस्पताल हाजीपुर पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है.

समस्तीपुर कोर्ट की हाजत से फरार होने का भी आरोप

पुलिस के मुताबिक, राजनंदन उर्फ छोटू उर्फ हंटर के खिलाफ लूट, हत्या, डकैती, आर्म्स एक्ट, बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट समेत गंभीर धाराओं में विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं. वह वर्ष 2025 में पेशी के दौरान अपने सहयोगियों के साथ समस्तीपुर न्यायालय की हाजत से फरार हो गया था. इस मामले में भी उसकी तलाश की जा रही थी. राजनंदन उर्फ छोटू उर्फ हंटर का लंबा अपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ सदर, नगर, महुआ, जंदाहा, बलिगांव और काजीपुर थाना क्षेत्रों के अलावा समस्तीपुर नगर और कटिहार नगर में भी मामले दर्ज हैं. इनमें लूट, हत्या, डकैती की तैयारी, अवैध हथियार और मादक पदार्थों से जुड़े मामले शामिल हैं. वैशाली पुलिस और एसटीएफ की इस संयुक्त कार्रवाई को अंतरजिला अपराधियों के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *