Patna: तकनीकी प्रबंधक के पद पर पुनर्योगदान के लिए मुजफ्फरपुर के कृषि पदाधिकारी को 19 हजार रिश्वत लेते निगरानी की टीम ने किराये के निजी आवास से गिरफ्तार गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अधिकारी के पटना स्थित आवास से 11 लाख नगद, 250 ग्राम से अधिक जेवरात समेत अऩ्य समान बरामद किया गया है. जिला कृषि पदाधिकारी-सह-निदेशक आत्मा सुधीर कुमार के मुजफ्फरपुर स्थित किराये के आवास, मिठनपुरा चर्च रोड गली नं0-79 जिला कृषि पदाधिकारी कार्यालय मुशहरी एवं संयुक्त निदेशक (शस्य) तिरहुत प्रमण्डल का कार्यालय मिठनपुरा की भी तलाशी चल रही है. सुधीर कुमार के गिरफ्तारी के पश्चात पटना स्थित तीन मंजिला भवन ए/61-रानीकुज, आन्नद विहार कॉलोनी, अम्बेदकर पथ, की तलाशी ली गई. तलाशी में अबतक 11,00,000 रू० नगद, 250 ग्राम से अधिक सोने एवं चाँदी के जेवरात एवं निवेश के कई कागजात आदि बरामद हुए हैं.
धमकी देकर 1,81,000 रिश्वत लेने का भी आरोप
निगरानी से मिली जानकारी के अनुसार संतोष साह ने पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराया था कि आरोपी कृषि पदाधिकारी प्रखंड तकनीकी प्रबंधक साहेबगंज में पुनर्योगदान कराने के एवज में रिश्वत की मांग करता है. साथ ही संतोष साह ने आरोप लगाया कि तकनीकी प्रबंधक के पद पर संविदा के आधार पर पुनर्योगदान कराने इन्हें मजबूर एवं पेरशान किया गया तथा धमकी देकर 1,50,000 रू० एवं 31,000 रू० करके कुल 1,81,000/-रू० रिश्वत लिया जा चुका है. योगदान देने के तुरंत बाद फिर से रिश्वत की मांग की जा रही है. ब्यूरो जब शिकायत का सत्यापन कराया तो रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया. इस संबंध में निगरानी थाना (कांड सं0-03/26) में मामला दर्ज किया गया. इसके बाद अनुसंधानकर्ता के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया. धावादल कार्रवाई करते मुजफ्फरपुर के जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक आत्मा सुधीर कुमार को 19,000 रूपये रिश्वत लेते हुए मुजफ्फरपुर स्थित किराये के निजी आवास से गिरफ्तार किया गया.
