Patna: बिहार के माननीय कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने आज पटना स्थित मुसल्लहपुर कृषि उत्पादन बाजार प्रांगण के आधुनिकीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य की प्रगति का स्थल निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया. मंत्री ने बताया कि मुसल्लहपुर कृषि उत्पादन बाजार प्रांगण के आधुनिकीकरण एवं जीर्णोद्धार के लिए कृषि विभाग द्वारा 68.41 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2006 में एपीएमसी एक्ट के निरसन के बाद राज्य सरकार द्वारा तैयार कृषि रोडमैप के अंतर्गत सभी बाजार प्रांगणों को आधुनिक एवं सुदृढ़ बनाया जा रहा है, ताकि किसानों को बेहतर विपणन व्यवस्था उपलब्ध हो सके.

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को आधुनिक, पारदर्शी और सुविधाजनक बाजार व्यवस्था मिले. इसी उद्देश्य से मुसल्लहपुर बाजार प्रांगण को ई-नाम (e-NAM) प्लेटफॉर्म के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय मंडियों से जोड़ा जाएगा, जिससे किसानों को अपने उत्पादों के लिए व्यापक बाजार और बेहतर मूल्य प्राप्त हो सकेगा. मंत्री ने बताया कि बाजार प्रांगण में पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म, गोदाम सहित सभी आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जा रहा है, जिससे किसानों और व्यापारियों को एक सुव्यवस्थित एवं आधुनिक बाजार परिसर उपलब्ध होगा. निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कृषि विपणन निदेशक सह प्रशासक शैलेन्द्र कुमार एवं निर्माण एजेंसी बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के पदाधिकारियों को निर्माण कार्य को तेज गति से पूर्ण करने का निर्देश दिया.

सीमांकन कार्य पूर्ण कराने का निर्देश

निरीक्षण के क्रम में मंत्री के संज्ञान में यह बात भी आई कि मुसल्लहपुर बाजार प्रांगण के लगभग तीन-चौथाई हिस्से का अभी तक नापी एवं सीमांकन नहीं होने के कारण चहारदीवारी का निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है. इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अंचलाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी को अविलंब सीमांकन कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए. निरीक्षण के दौरान पटना फल-सब्जी विक्रेता संघ के अध्यक्ष शशिकांत प्रसाद ने माननीय मंत्री से मुलाकात कर बाजार प्रांगण के समुचित विकास के लिए कुछ महत्वपूर्ण सुझाव एवं मांगें रखीं. उन्होंने बाजार प्रांगण में सीए (Controlled Atmosphere) कोल्ड स्टोरेज के निर्माण, संतरा भंडारण के लिए दो विशेष चैंबर, तथा एक प्रदर्शनी हॉल की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया. साथ ही उन्होंने यह भी आग्रह किया कि गेट नंबर-2 से आने वाले किसानों के वाहनों को नो-एंट्री से मुक्त किया जाए, ताकि किसानों को बाजार तक आने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो.

2026 के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा काम

कृषि मंत्री ने इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि किसानों और व्यापारियों की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए बाजार प्रांगण को सुव्यवस्थित, आधुनिक और किसान हितैषी बनाया जाएगा. निर्माण एजेंसी द्वारा बताया गया कि मुसल्लहपुर बाजार प्रांगण के आधुनिकीकरण एवं जीर्णोद्धार का कार्य वर्ष 2026 के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा.

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को बेहतर बाजार, आधुनिक कृषि अवसंरचना और पारदर्शी व्यापार व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि जब बाजार मजबूत होगा, तो किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिलेगा और इससे राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed