Patna: मोतिहारी के चकिया थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने मात्र 2 घंटे के अंदर 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 1 देशी पिस्टल और 2 गोली भी बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपी में चकिया थाना क्षेत्र के सत्यम कुमार उर्फ राजा, गोलू कुमार और गड़हिया थाना क्षेत्र के पंकज कुमार का नाम शामिल है.
क्या था मामला
मिली जानकारी के अनुसार चकिया थाना क्षेत्र के ग्राम कोयला बेलवा में पुराने जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. इसी दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के नीतीश कुमार पर जानलेवा हमला करते हुए देशी पिस्टल से गोली चला दी. गोली लगने से नीतीश कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घटना की सूचना मिलते ही वरीय पदाधिकारी को अवगत कराकर एक विशेष टीम का गठन किया गया. चकिया एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई और छापेमारी कर 2 घंटे के अंदर मामले का उद्भेदन कर दिया. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार और कारतूस के साथ 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया. जख्मी नीतीश कुमार के फर्दबयान पर चकिया थाना (कांड संख्या-323/26) में मामला दर्ज किया गया है. वहीं घटना में प्रयुक्त हथियार के संबंध में चकिया थाना (कांड संख्या-324/26) में अगल से मामला दर्ज किया गया है.
