Ranchi: झारखंड की आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा कुमारी भगत की मौत के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा निर्णय लिया है. अब इस पूरे प्रकरण की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) करेगी. मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी देते हुए कहा कि निशा भगत प्रकरण की जांच अब CBI करेगी. इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं.

फेसबुक लाइव के बाद हुई थी निशा की मौत

गौरतलब है कि 6 नवंबर को रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र में निशा भगत की मौत हो गई थी. मौत से पहले उन्होंने फेसबुक लाइव के माध्यम से कुछ गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने कथित तौर पर जमीन विवाद, जमीन दलालों और उत्पीड़न से जुड़े मामलों को उठाया था. इस घटना के बाद से ही मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही थी.

परिजनों ने जताई थी साजिश की आशंका

निशा भगत के परिजनों ने उनकी मौत के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए CBI जांच की मांग की थी. उनके पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था. मामले में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. वहीं, पुलिस की ओर से विशेष जांच टीम (SIT) का भी गठन किया गया था.

राष्ट्रीय आयोगों ने भी लिया था संज्ञान

निशा भगत की मौत का मामला राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में आया. राष्ट्रीय महिला आयोग और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए झारखंड सरकार से रिपोर्ट मांगी थी. अब मुख्यमंत्री की ओर से CBI जांच के निर्देश दिए जाने के बाद इस प्रकरण की जांच केंद्रीय एजेंसी करेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed