Ranchi: हजारीबाग पुलिस ने ट्रक चालक की हत्या कर शराब लूटने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. चौपारण थाना क्षेत्र के महाराजगंज गांव के पास पुलिस ने वाहन जांच के दौरान दोनों को वैगनआर कार से गिरफ्तार किया. इनके पास से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा और 20 जिंदा गोली बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई 726 पेटी शराब के साथ घटना में इस्तेमाल इसके अलावा वैगनआर (JH15G-8202), फॉर्च्यूनर (JH05AF-3676) और पिकअप (JH02BD-5662) जब्त किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपी में हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के दैहर गांव के रहने वाले विशाल कुमार सिंह और चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र के परसौनी निवासी रणविजय सिंह का नाम शामिल है.

हत्या कर कुएं में फेंक दिया था चालक का शव

पुलिस के अनुसार, हजारीबाग एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि चौपारण-इटखोरी मुख्य सड़क पर तुपुदाना, रांची से गायब शराब लदे ट्रक के चालक की हत्या में शामिल अपराधी हथियार के साथ घूम रहे हैं. सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छापामारी दल का गठन किया. तुपुदाना पुलिस के सहयोग से महाराजगंज गांव के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया. इसी दौरान वैगनआर कार में सवार दो संदिग्धों को पकड़ा गया. तलाशी लेने पर उनके पास से हथियार और गोली मिले. गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर ट्रक चालक की हत्या करने की बात स्वीकार की है. आरोपितों ने बताया कि चालक की हत्या के बाद उसके शव को कंबल, तार और पत्थर की मदद से बांध दिया गया था. इसके बाद शव को चौपारण थाना क्षेत्र के दैहर गांव स्थित एक कुएं में डाल दिया गया था. पुलिस गिरफ्तार आरोपितों के बयान और निशानदेही के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है.

गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से गायब शराब बरामद की. साथ ही घटना में इस्तेमाल वैगनआर कार, शराब ढोने के लिए इस्तेमाल पिकअप वाहन और एक फॉर्च्यूनर गाड़ी भी जब्त की गई. पुलिस के अनुसार, बरामद शराब में मैकडॉवेल्स और रॉयल चैलेंज ब्रांड की अलग-अलग मात्रा शामिल है.  रणविजय सिंह के खिलाफ धनबाद थाना में धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज है. वहीं चौपारण थाना में भी शराब से संबंधित मामला दर्ज है. विशाल कुमार सिंह के खिलाफ चतरा सदर थाना में आर्म्स एक्ट और इटखोरी थाना में चोरी एवं चोरी का सामान रखने से संबंधित मामला दर्ज है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed