Ranchi: लेवी के लिए फायरिंग करने आए पीएलएफआई उग्रवादी को लातेहार पुलिस गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी उग्रवादी लालदेव यादव बालूमाथ थाना क्षेत्र के हाथढीह का रहने वाला है. आरोपी के पास से एक लोडेड देशी पिस्टल और दो गोली बरामद की गई. पिस्टल पर “STAR MODEL 81, MADE IN MUNSER” अंकित है. गिरफ्तार नक्सली ने बताया कि वह पीएलएफआई कमांडर बादल यादव के साथ काम करता है और लेवी वसूली के लिए आया था.

मिली जानकारी के अनुसार बीते रविवार रात करीब 11:10 बजे लातेहार एसपी को गुप्त सूचना मिली कि पीएलएफआई संगठन के कमांडर बादल यादव उर्फ पवन जी उर्फ दिलीप यादव के साथ काम करने वाला लालदेव यादव बारियातु थाना क्षेत्र में कस्तूरबा गांधी स्कूल, बरसिया के पास फायरिंग करने आ रहा है. लेवी की राशि नहीं मिलने के कारण वह निर्माणाधीन विद्यालय को निशाना बनाने वाला था. सूचना पर छापेमारी दल गठित किया गया. टीम जब निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी स्कूल, बरसिया के पास पहुंची तो बिना नंबर की बाइक पर सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे. पीछा करने पर बाइक जबरापुर जाने वाली सड़क पर बने जबरा पुल के पास असंतुलित होकर गिर गई. बाइक चला रहा संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला, जबकि पीछे बैठे संदिग्ध लालदेव यादव को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया. फरार दूसरे नक्सली की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *