Ranchi: कांके थाना क्षेत्र के सुकुरहुटू स्थित मंसूरी पेट्रोल पंप पर हुई फायरिंग के मामले में रांची पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मंगलवार को विधानसभा थाना क्षेत्र के नया सराय स्थित ईदगाह टोली में पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस दल पर गोलीबारी की. इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी शहीद अंसारी के दाहिने पैर में गोली लगी. दूसरे आरोपी शमशाद अंसारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार, दोनों पर झारखंड के अलग-अलग इलाकों में फायरिंग और अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल होने का आरोप है. पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देशी पिस्टल, दो जिंदा गोली, तीन खोखे, दो मोबाइल फोन और 19 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं. इसके अतिरिक्त काले रंग की पल्सर NS-200 बाइक भी जब्त की गई है.
रिंग रोड पर दिखे संदिग्ध, पुलिस ने किया पीछा
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को सूचना मिली कि 11 अक्टूबर की रात कांके थाना क्षेत्र के सुकुरहुटू स्थित मंसूरी पेट्रोल पंप पर हुई फायरिंग में इस्तेमाल काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली पल्सर NS-200 बाइक पर सवार संदिग्ध अपराधी रिंग रोड से नया सराय की ओर जा रहे हैं. सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी के निर्देशन में टीम गठित की गई.
ईदगाह टोली में पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक घायल
गठित टीम ने संदिग्धों का पीछा किया. इसी दौरान विधानसभा थाना क्षेत्र के नया सराय स्थित ईदगाह टोली में आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस दल को निशाना बनाकर गोलीबारी शुरू कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शहीद अंसारी के दाहिने पैर में गोली लगी. घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. दूसरे आरोपी शमशाद अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
सिकनी पेट्रोल पंप और भारतमाला परियोजना की घटनाओं से भी जुड़े तार
प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी कथित तौर पर राहुल सिंह के संगठित आपराधिक गिरोह के लिए काम करते थे. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने गुमला और लोहरदगा में भारतमाला परियोजना से संबंधित घटनाओं, लातेहार के सिकनी पेट्रोल पंप पर फायरिंग और लोहरदगा की अन्य वारदातों में संलिप्तता की बात स्वीकार की है.
बेड़ो से लूटी गई थी वारदात में इस्तेमाल बाइक
पुलिस ने बताया कि घटनाओं में इस्तेमाल की गई काले रंग की पल्सर NS-200 बाइक के संबंध में पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर उसे बेड़ो थाना क्षेत्र से लूटने की बात कही. पुलिस इस बाइक और अन्य बरामद सामानों के संबंध में भी जांच कर रही है. शमशाद अंसारी के खिलाफ चंदवा थाना में वर्ष 2025 के मामले दर्ज हैं. वहीं, घायल आरोपी शहीद अंसारी के खिलाफ चंदवा थाना, सिसई थाना और लातेहार थाना में पूर्व के मामले दर्ज है.
