Ranchi: झारखण्ड पुलिस और एसबीआई के बीच हुए एमओयू में विस्तार किया गया है. अब पुलिसकर्मियों को 10 लाख के अतिरिक्त बीमा का लाभ मिलेगा. गुरुवार को पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार में डीजीपी की उपस्थिति में एसबीआई के वरीय अधिकारियों के द्वारा राज्य पुलिस कर्मियों के हित में एसबीआई के साथ हुए सैलरी पैकेज एमओयू से संबंधित नई सुविधाओं के संबंध में व्यापक रूप से चर्चा करते हुए जानकारी साझा किया गया. इस अवसर पर एसबीआई की ओर से पटना मंडल के मुख्य महाप्रबंधक अनुराग जोशी एवं डीजीपी दोनों ने पुष्छगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर एक-दूसरे को सम्मानित किया.
बैठक में बताया गया कि अब इस एमओयू के अंतर्गत 10 लाख का ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस (जीवन बीमा) भी जोड़ा गया. जिसमें यदि किसी पुलिसकर्मी की मृत्यु आकस्मिक दुर्घटना के अतिरिक्त किसी अन्य कारण से होती है, तो भी उनके परिजनों को 10 लाख का बीमा लाभ प्रदान किया जाएगा.
बता दे कि पहले से ही इस पैकेज में 1 करोड़ का दुर्घटना बीमा, 1.60 लाख का जीवन बीमा कवरेज, 1 करोड़ का पूर्ण विकलांगता कवरेज, 80 लाख का आशिक विकलांगता कवरेज शामिल है. इसके साथ ही पुलिसकर्मियों के परिवारों को भी कई प्रकार के लाभ उपलब्ध कराए जा रहे हैं. आगे बैठक में बताया गया कि वर्ष 2023 में हुए हुए पहले एमओयू के बाद से अब तक 32 पुलिसकर्मियों के परिजनों को आकस्मिक बीमा लाभ प्रदान किया गया है. जबकि एमओयू से पहले की घटनाओं में 9 परिवारों को यह लाभ मिला है. इस प्रकार, पिछले दो वर्षों में 43 परिवारों को पुलिस सैलरी पैकेज अकाउंट के अंतर्गत सहायता प्रदान की गई है.
डीजीपी ने इस अवसर पर एसबीआई का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एसबीआई बैंक ने पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के हित में अत्यत सराहनीय कार्य किया है. उन्होंने एसबीआई के मुख्य प्रबंधक विकाश कुमार पांडे को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया.
इस अवसर पर झारखण्ड पुलिस की ओर से आईजी विशेष शाखा प्रभात कुमार, आईजी प्रशिक्षण ए० विजयालक्ष्मी, आईजी मानवाधिकार क्रांति कुमार गडिदेशी, आईजी अभियान डॉ० माईकलराज एस०, आईजी जगुआर अनुप बिरथरे, डीआईजी जगुआर इंद्रजीत माहथा, डीआईजी जैप एस० कार्तिक, डीआईजी कार्मिक सुरेन्द्र कुमार झा, डीआईजी विशेष शाखा चौथे मनोज रतन, डीआईजी बजट संध्या रानी मेहता, पुलिस एसोसिएशन व पुलिस मेन्स एसोसिएशन के सदस्य तथा एसबीआई के जीएम विवेक चंद्र जयसवाल, डीजीएम मनोज कुमार, ए०ओ० राँची एवं अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहें.
