Ranchi: झारखंड के नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने पाकुड़ जिले के इलामी पंचायत में DMFT कोष से बनी PCC सड़क और गार्डवाल में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है. उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
पत्र के अनुसार मरांडी ने कहा कि वर्ष 2025 में तत्कालीन उपायुक्त द्वारा पाकुड़ अंचल के इलामी पंचायत अंतर्गत इलामी से बागानपाड़ा तक DMFT कोष से PCC सड़क एवं गार्डवाल निर्माण की स्वीकृति दी गई थी. उक्त कार्य इसी वर्ष संवेदक हबीबुर रहमान द्वारा पूरा किया गया है. इलामी पंचायत के दर्जनों ग्रामीणों का संयुक्त हस्ताक्षरित आवेदन उन्हें क्षेत्र परिभ्रमण के दौरान प्राप्त हुआ है.
पत्र में बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि आवेदन के आलोक में DMFT कोष से निर्मित सभी PCC सड़क एवं गार्डवाल निर्माण की गुणवत्ता, DPR के मुताबिक कार्य, उपयोगार्थ सामग्री की गुणवत्ता और कार्यकारी एजेंसी की अनदेखी एवं मिलीभगत की जांच एक टीम गठित कर कराई जाए. उन्होंने दोषी संवेदक, कार्यकारी एजेंसी के अभियंता एवं अन्य पर कड़ी कार्रवाई करने और की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराने की भी मांग की है.
ग्रामीणों के आरोप
ग्रामीणों ने आवेदन में आरोप लगाया है कि कुछ महीने पहले ही बनी लगभग 95 लाख रुपये की यह सड़क अब गड्ढे में तब्दील हो गई है. पूर्व से निर्मित PCC पथ पर ऊपरी सतह पर मात्र 4 इंच की अतिरिक्त ढलाई की गई है. गार्डवाल के फाउंडेशन की ढलाई भी सिर्फ 5 इंच की गई है. गार्डवाल में घटिया बोल्डर का उपयोग हुआ है और पर्याप्त मात्रा में भी नहीं डाला गया. सीमेंट कम और घटिया बालू प्रयोग किया गया है. इसके कारण सड़क पर कई जगह गहरी दरारें और क्षति हो गई है. इसी पंचायत में वर्ष 2025 में सतार मौलवी के घर के पास लगभग 95 लाख रुपये की लागत से 150 फीट गार्डवाल बनना था, लेकिन संवेदक और अभियंता की मिलीभगत से सिर्फ 50 फीट बनाकर पूरी राशि निकाल ली गई.
