Patna: मुशहरी थाना क्षेत्र के हनुमान मंदिर के पास उस समय अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब एक नवयुवक मोबाइल टावर के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गया और वहां से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा. बीते सोमवार सुबह करीब 08:15 बजे शुरू हुआ यह हाई-वोल्टेज ड्रामा रात 19:50 बजे (करीब 12 घंटे) तक चला. पुलिस और प्रशासन की सूझबूझ व SDRF की टीम के सहयोग से युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी रिकी कुमार मुशहरी थाना क्षेत्र के रजवाड़ा का रहने वाला है.
भीड़ जुटी, सुरक्षा जाल बिछाया गया
घटना की सूचना मिलते ही मुशहरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. घटनास्थल पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी की और फायर फाइटर, SDRF टीम, अंचलाधिकारी (CO) तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) को मौके पर बुलाया. किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए SDRF ने टावर के चारों ओर सुरक्षा जाल बिछा दिया. प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने लाउडस्पीकर (माइकिंग) के जरिए युवक से लगातार वार्ता की और उसे नीचे आने व अपनी समस्या बताने की अपील की. इसके बावजूद युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ और लगातार आत्मघाती कदम उठाने की धमकी देता रहा. करीब 12 घंटे तक चले इस भारी तनाव के बाद अधिकारियों के धैर्य और कड़ी मशक्कत से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया.
नीचे उतारे जाने के बाद युवक की पहचान रिकी कुमार के रूप में हुई. मुशहरी पुलिस ने अनधिकृत रूप से टावर पर चढ़ने, लोगों में दहशत फैलाने, विधि-व्यवस्था और सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा दूरसंचार अवसंरचना को क्षति पहुंचाने के आरोप में मुशहरी थाना (कांड सं०- 340/26) में मामला दर्ज कर रिकी कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.
